BF संग जाने की जिद पर अड़ी थी बेटी, पिता ने थाने में ही चाकू घोंपकर ले ली जान

उत्तर प्रदेश के बांदा में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. प्रेम प्रसंग के चलते बेटी के प्रेमी संग जाने की जिद पर अड़े पिता ने थाने के भीतर ही उसे चाकू मारकर हत्या कर दी. ऑनर किलिंग का यह मामला समाज में इज्जत और निजी स्वतंत्रता के संघर्ष को दर्शाता है. पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है.

प्रतीकात्मक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश बांदा में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां बदौसा थाने के अंदर ही एक व्यक्ति ने अपनी बेटी के पेट में चाकू घोंप दिया. इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. इस घटना से थाने में अफरातफरी का माहौल बन गया. वारदात के बाद आरोपी पिता ने पुलिस के सामने सरेंडर भी कर दिया. दरअसल आरोपी की बेटी हर हाल में अपने प्रेमी के साथ ही जाने की जिद पर अड़ी थी. काफी समझाने पर भी मामला नहीं बना तो पिता ने उसकी हत्या ही कर डाली.

मामला बदौसा थाना क्षेत्र के एक गांव का है. थाना प्रभारी अजीत प्रताप सिंह के मुताबिक इस गांव में रहने वाली युवती अपने गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग में थी. 18 मई को दोनों चुपके से अपने घरों से भाग गए थे और एक मंदिर में शादी भी कर ली थी. लड़की के पिता की शिकायत पर पुलिस ने उसके प्रेमी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया और दोनों को मध्य प्रदेश के बरौंधा से बरामद कर ले आई.

थाने में बातचीत के दौरान बिगड़ा मामला

एसएचओ के मुताबिक लड़की की बरामदगी के बाद उसके माता-पिता को थाने में बुलाया गया था. समझौते के लिए बातचीत चल रही थी. चूंकि लड़की अपने प्रेमी के साथ ही रहने की जिद कर रही थी, ऐसे में गुस्साए पिता ने अचानक से चाकू निकाला और उसके पेट में ताबड़तोड़ कई वार कर दिए. जब तक लोग कुछ समझ पाते, लड़की की मौत हो चुकी थी. आनन फानन में उसे बांदा के रानी दुर्गावती अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पिता ने किया सरेंडर

वारदात के बाद लड़की के पिता ने हाथ उठाकर सरेंडर कर दिया. कहा कि उसे इस वारदात से कोई अफसोस नहीं है. उसने अपनी और परिवार की इज्जत बचाने के लिए बेटी की हत्या की है. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने खुद मौके पर पहुंच कर आरोपी से पूछताछ की. पुलिस के मुताबिक लड़की बालिग थी, इसलिए वह अपने मर्जी से प्रेमी या पिता के साथ रहने के लिए स्वतंत्र थी. इस बात पर समझौते का प्रयास किया जा रहा था.

Follow Us