साइबर अपराधी को पकड़ने पहुंची थी पुलिस, तभी लोगों ने कर दिया हमला; जिला पार्षद समेत 25 पर FIR
मुरादाबाद में करीब दो दर्जन लोगों ने पुलिस पार्टी पर हमला कर साइबर फ्रॉड के एक आरोपी को छुड़ा लिया है. इस संबंध में मूढापांडे थाने में तीन नामजद समेत 25 से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.पुलिस के मुताबिक आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके हर संभावित ठिकाने पर दबिश तेज कर दी गई है.
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां करीब दो दर्जन लोगों ने पुलिस पार्टी पर हमला कर साइबर फ्रॉड के एक आरोपी को छुड़ा लिया है. गाजियाबाद पुलिस ने इस संबंध में मुरादाबाद के मूढापांडे थाने में तीन नामजद समेत 25 से अधिक लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. गाजियाबाद पुलिस के साथ अब मुरादाबाद पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस के मुताबिक आरोपियों के हर संभावित ठिकाने पर दबिश तेज कर दी गई है.
पुलिस के मुताबिक पिछले दिनों में गाजियाबाद में एक करोड़ की ठगी का मामला सामने आया था. पुलिस ने मामले की जांच की तो पता चला कि इसमें से 43 करोड़ की रकम मुरादाबाद में मूढापांडे के रहने वाले राशिद के खाते में गई है. इस इनपुट पर गाजियाबाद पुलिस ने राशिद के ठिकाने पर दबिश दी और हिरासत में ले लिया. इतने में राशिद के परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला करते हुए उसे छुड़ा लिया. इस दौरान भीड़ ने पुलिस के साथ हाथापायीं भी की.
पुलिस ने दर्ज किया एफआईआर
मुरादाबाद के एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह के मुताबिक इस हमले और पुलिस पर दबाव बनाने और पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में तीन नामजद समेत 25 अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस अब इन सभी लोगों की तलाश में जुटी है. जल्द ही मुख्य आरोपी और उसके साथियों को अरेस्ट कर लिया जाएगा. उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी को पुलिस की पकड़ से छुड़ाने वालों में एक उसका भाई भी है. यह जिला पंचायत सदस्य है.
ये है मामला
मुरादाबाद के एसपी सिटी रणविजय सिंह के मुताबिक एक करोड़ की ठगी में से 43 लाख की रकम जिस खाते में आई थी, उसे पुलिस द्वारा तुरंत सीज करा दिया गया है. उन्होंने बताया कि आरोपी राशिद साइबर ठगी गैंग का सदस्य है. पुलिस की गिरफ्त से फरार होने के बाद उसके खिलाफ फ्रेश मुकदमा दर्ज किया गया है. वहीं उसे भगाने में सहयोग करने के आरोप में उसके जिला पंचायत सदस्य भाई के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है.