बांदा में ट्रक ने छात्र को कुचला, मौके पर मौत; संतकबीरनगर में डिवाइडर से टकराई कार, 3 घायल

बांदा में एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से 16 वर्षीय छात्र की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि उसका भाई मामूली रूप से घायल हो गया. वहीं, संतकबीरनगर में एक कार डिवाइडर से जा टकराई, इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. संतकबीरनगर में डिवाइडरों पर रिफ्लेक्टर न होने से दुर्घटनाएं हुई है.

बांदा में छात्र की मौत, संतकबीरनगर में कार हादसा Image Credit:

बांदा जिले में एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से 16 वर्षीय स्कूली छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई मामूली रूप से घायल हो गया. यह घटना देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत महोखर में अंध विद्यालय के पास दोपहर करीब 12 बजे हुई. मृतक छात्र की पहचान हिमांशु (16) पुत्र अवधेश के रूप में हुई है, जो कक्षा 8 का छात्र था.

परीक्षा देकर साइकिल से घर लौट रहा था छात्र

मृतक छात्र अपने भाई पुष्पेंद्र के साथ सरस्वती प्रकाश मंदिर से परीक्षा देकर साइकिल से घर लौट रहा था. तभी बांदा से महोखर जा रहे गिट्टी से भरे एक ओवरलोड ट्रक ने पीछे से उनकी साइकिल को टक्कर मार दी और हिमांशु को करीब 30 फीट तक घसीटता चला गया. हादसे के बाद मौके पर परिजनों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए ट्रक के शीशे तोड़ दिए.

सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मृतक छात्र के शव को ऑटो में रखकर अस्पताल पहुंचाया. साथ ही ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया. हालांकि, हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर आक्रोशित परिजनों को शांत कराया. साथ ही जांच में जुट गई है.

संतकबीरनगर के बकौली सब्जी मंडी के पास हादसा

संतकबीरनगर धनघटा थाना क्षेत्र के रामजानकी मार्ग पर बकौली सब्जी मंडी के पास रविवार को एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. हादसे में कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया.

कार में सवार लोग दूल्हापार से कटाई मैनसिर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान बकौली सब्जी मंडी के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया. घायलों की पहचान कृष्ण माधव (32) पुत्र रामचंद्र, निवासी अधिवक्ता; परशुराम (35) पुत्र रामसमुझ, निवासी अशरफपुर तथा राम आशीष (35) पुत्र त्रियोग यादव, निवासी धौरहरा के रूप में हुई है.

रामजानकी मार्ग पर बने कई डिवाइडरों पर रिफ्लेक्टर नहीं

स्थानीय लोगों का कहना है कि रामजानकी मार्ग पर बने कई डिवाइडरों पर रिफ्लेक्टर या रेडियम पट्टी नहीं लगी है. इसके कारण रात या धुंध के समय वाहन चालकों को डिवाइडर का सही अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया है.

Follow Us