बांके बिहारी मंदिर में बर्थडे सेलिब्रेशन से बवाल, बरेली मेयर ने VIP कटघरे में काटा केक
बरेली मेयर डॉ. उमेश गौतम का बांके बिहारी मंदिर के VIP कटघरे में जन्मदिन का केक काटना विवादों में है. वायरल वीडियो से श्रद्धालुओं और सेवायतों में नाराजगी है, जो इसे मंदिर की मर्यादा का उल्लंघन मान रहे हैं. आम भक्तों के लिए कड़े नियम जबकि VIP को विशेष छूट पर सवाल उठ रहे हैं.
वृंदावन के विश्व प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में जन्मदिन मनाकर बरेली मेयर डॉ. उमेश गौतम विवादों में घिर गए हैं. मंदिर परिसर के वीआईपी क्षेत्र में केक काटने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसको लेकर श्रद्धालुओं और सेवायतों में नाराजगी है. उनका कहना है कि मंदिर की मर्यादा का पालन सभी के लिए समान रूप से होना चाहिए.
बताया जा रहा है कि यह वीडियो दो से तीन दिन पुराना है. मंगलवार को अपना जन्मदिन मनाने के लिए बरेली के मेयर डॉ. उमेश गौतम हेलीकॉप्टर से वृंदावन पहुंचे थे. वहां उन्होंने पहले ठाकुर श्री बांके बिहारी महाराज के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की. इसके बाद मंदिर के जगमोहन स्थित वीआईपी कटघरे में मेज पर रखे जन्मदिन के केक को काटा.
मंदिर में VIP संस्कृति को लेकर बहस शुरू
वायरल वीडियो में उनके समर्थक तालियां बजाते और खुशी जाहिर करते दिखाई दे रहे हैं. इसी दौरान कुछ लोगों की ओर से हूटिंग किए जाने की बात भी सामने आई है. वीडियो सामने आने के बाद मंदिर की व्यवस्था और वीआईपी संस्कृति को लेकर बहस शुरू हो गई है. श्रद्धालुओं का कहना है कि आम भक्तों के लिए कड़े नियम जबकि VIP को विशेष छूट क्यों?
श्रद्धालुओं का कहना है कि वीआईपी लोगों को विशेष सुविधाएं देकर मंदिर की परंपराओं से समझौता किया जा रहा है. वहीं, मंदिर से जुड़े सेवायतों का कहना है कि जगमोहन में इस तरह जन्मदिन का केक काटना उचित नहीं है. उन्होंने इसे मंदिर की मर्यादा के अनुरूप नहीं बताया. सेवायतों के अनुसार, भगवान के सामने इस प्रकार निजी उत्सव मनाने से बचना चाहिए.
मंदिर की हाईपावर्ड कमेटी ने मांगा जवाब
श्रद्धालु इस घटना का विरोध कर रहे हैं. वहीं, मामले को लेकर मंदिर प्रबंधन की हाईपावर्ड कमेटी भी सक्रिय हो गई है. कमेटी के अध्यक्ष ने कहा है कि वायरल वीडियो मिलने के बाद पूरे मामले में मंदिर प्रशासन से जवाब मांगा गया है. आगामी बैठक में इस विषय पर चर्चा होगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्पष्ट और सख्त नियम बनाए जाएंगे.
बरेली मेयर ने विवाद पर क्या दी सफाई?
वहीं, मेयर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि उनके जन्मदिन के अवसर पर ठाकुर श्री बांके बिहारी महाराज को पूरी तरह शुद्ध मावे से बने मिल्क केक का भोग लगाया गया था. यह केक मंदिर के गोसाईं की ओर से तैयार कराया गया था. भगवान को भोग अर्पित करने के बाद प्रसाद स्वरूप मिले उसी मिल्क केक को काटा, इसमें मंदिर की मर्यादा का उल्लंघन नहीं किया.