जिन्न ने कहा तो मार दिया, पहले भी किया एक मर्डर; हैरान कर देगा व्यापारी हत्याकांड में खुलासा
आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि उसके कान में आवाज आती थी. जिन्न उससे कहता था कि व्यापारी को मार दो. जिन्न के कई बार कहने पर उसने व्यापारी को मार डाला. आरोपी ने पहले भी एक मर्डर का खुलासा किया. मामला बरेली में भोजीपुरा थाना क्षेत्र के धौराटांडा का है.
उत्तर प्रदेश के बरेली में हुए किराना व्यापारी हत्याकांड में सनसनीखेज खुलासा हुआ है. इस वारदात में गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि उसके कान में आवाज आती थी. जिन्न उससे कहता था कि व्यापारी को मार दो. जिन्न के कई बार कहने पर उसने व्यापारी को मार डाला. आरोपी ने पहले भी एक मर्डर का खुलासा किया. मामला बरेली में भोजीपुरा थाना क्षेत्र के धौराटांडा का है.
पुलिस के मुताबिक यहां एक किराना व्यापारी सियाराम श्रीवास्तव की हत्या हो गई थी. पुलिस ने मामले की जांच करते हुए 19 वर्षीय मोहम्मद अरमान और उसके पिता इम्तियाज अहमद को गिरफ्तार किया है. पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी ने नशे के लिए रुपये लूटने की नीयत से वारदात को अंजाम दिया था. पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि उसे कानों में एक महिला जिन्न की आवाज सुनाई देती थी, जो उसे किसी की हत्या करने के लिए उकसाती थी.
24 जुलाई की है वारदात
पुलिस के अनुसार 24 जुलाई की सुबह धौराटांडा निवासी और किराना व्यापारी सियाराम श्रीवास्तव रोज की तरह सुबह टहलने निकले थे. इसी दौरान आरोपी मोहम्मद अरमान अपनी सफेद वैन लेकर वहां पहुंचा. उसने पहले जानबूझकर सियाराम को वैन से टक्कर मारी. फिर आरोपी ने चाकू से उनके ऊपर लगातार कई वार किए. पुलिस के मुताबिक शरीर पर करीब 17 वार किए गए थे. इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई. इसके बाद आरोपी मृतक का मोबाइल फोन और करीब 1,200 रुपये लेकर फरार हो गया था.
ऐसे खुला हत्या का राज
शुरुआती जांच में कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही थीं. कुछ लोगों ने संपत्ति विवाद भी बताया. लेकिन घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई तो नया ही मामला सामने आ गया. सीसीटीवी कैमरे में दिखी सफेद वैन का पीछा करते हुए पुलिस ने मोहम्मद अरमान को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने हत्या की पूरी वारदात कबूल कर ली. बताया कि वह लंबे समय से नशे का आदी है और नशे के लिए पैसों की जरूरत थी. इसी वजह से उसने राह चलते सियाराम श्रीवास्तव को निशाना बनाया.
पिता ने मिटाए सबूत
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि वारदात के बाद अरमान ने अपने पिता इम्तियाज अहमद के साथ मिलकर खून से सने कपड़े, हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, मृतक का मोबाइल फोन और अन्य सामान एक थैले में रखकर वैन की सीट के नीचे छिपा दिया. बाद में वैन को एक राइस मिल में खड़ा कर दिया गया ताकि किसी को शक न हो. आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने ये सब चीजें बरामद कर ली हैं.