सड़कें जलमग्न, घरों में घुसा पानी; कुछ देर की बारिश में ही नोएडा का हुआ बुरा हाल

नोएडा में पहली मूसलाधार बारिश में सड़कें जलमग्न हो गईं. कई घरों तक में पानी घुस गया. यह स्थिति शहर में बरसाती पानी की निकासी के ठोस इंतजाम नहीं होने की वजह बनी. जबकि दोनों शहरों के प्राधिकरणों ने पहले जल निकासी व्यवस्था मुकम्मल होने का दावा किया था.

बारिश के बाद नोएडा में जलभराव Image Credit:

वैसे तो नोएडा में मानसून की बारिश कई दिनों से हो रही है, लेकिन आज पहली बार मूसलाधार बारिश हुई है. इस पहली ही तेज बारिश में नोएडा और ग्रेटर नोएडा की सड़कें जलमग्न हो गईं. कई घरों तक में पानी घुस गया. यह स्थिति शहर में बरसाती पानी की निकासी के ठोस इंतजाम नहीं होने की वजह बनी. जबकि दोनों शहरों के प्राधिकरणों ने पहले जल निकासी व्यवस्था मुकम्मल होने का दावा किया था.

कुछ देर की बारिश में शहर के कई प्रमुख मार्ग और सेक्टर जलमग्न हो गए. सड़कों पर घुटनों तक पानी भरने से वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए. जबकि कई इलाकों में लंबा ट्रैफिक जाम लग गया. लोगों को घंटे तक जाम और जल भराव से जूझना पड़ा. तेज बारिश के बाद नोएडा के सेक्टर 100 में बोड़ा महादेव मंदिर के पास, सेक्टर 99, सेक्टर 37 अंडरपास, बोटैनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन के आसपास, सर्फाबाद, बरौला, सेक्टर 62, नोएडा ग्रेटर नोएडा मार्ग, भंगेल, हल्द्वानी मोड़ और आसपास देहात क्षेत्र में भी कई जगह पर सड़कें पानी से लबालब नजर आई.

कॉलोनी और सेक्टरों में भरा पानी

इस बारिश में शहर की कई कॉलोनियों, सेक्टरों और गांवों में भी जलभराव की स्थिति बन गई. इससे लोगों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई. जल भराव के कारण कई वाहन भी सड़क में बंद हो गए. दो पहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा. जबकि दफ्तर जाने वाली लोग और स्कूली वाहन भी घंटों तक ट्रैफिक जाम में फंसे रहे. ऐसे हालात में लोग विकास प्राधिकरणों को कोसते नजर आए.

रफ्तार पर ब्रेक

अचानक हुई तेज बारिश के चलते नोएडा और ग्रेटर नोएडा की सड़कें तालाब में तब्दील हो गई. यहां तक कि सरकारी कार्यालयों में भी जल भराव हो गया. सड़कों पर जल भराव के कारण वाहनों के पहिए थम गए. इसके चलते जगह जगह जाम की स्थिति बन गई. बता दें कि नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्ण कुमार ने इसने पहले ही स्पष्ट किया था कि जिन क्षेत्रों में जलभराव होगा, संबंधित सीनियर मैनेजर के खिलाफ कार्रवाई होगी. लेकिन इस बारिश में तो पूरा शहर ही लबालब हो गया.

Follow Us