मॉल की लिफ्ट में फंसे 13 लोग, घबराहट से बेहोश हुई लड़की; 35 मिनट बाद ऐसे बची जान
उत्तर प्रदेश के बरेली में सिटी सेंटर एलए मॉल की लिफ्ट में 13 लोग 35 मिनट तक फंसे रहे. बिजली कटने से लिफ्ट रुक गई, जिससे भीषण गर्मी में एक किशोरी घबराहट से बेहोश हो गई. लोगों ने खुद मशक्कत कर लिफ्ट का दरवाजा तोड़कर जान बचाई. यह घटना यूपी में लिफ्ट सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है. मॉल प्रबंधन ने सेंसर खराब होने को वजह बताया है.
उत्तर प्रदेश में लिफ्ट में फंसने की घटनाएं बदस्तूर जारी है. नया मामला बरेली सिटी सेंटर एलए मॉल का है. यहां अचानक एक लिफ्ट रूक गई. इससे करीब 35 मिनट तक भीषण गर्मी में 13 लोग फंसे रहे. इस दौरान घबराहट की वजह से एक किशोरी गिरकर बेहोश हो गई. इससे हड़कंप मच गया. गनीमत रही कि 35 मिनट बाद लिफ्ट का गेट तोड़कर लड़की को रेस्क्यू कर लिया गया. इससे उसकी जान बच गई. इस घटना से लिफ्ट में सवार सभी लोगों की हालत खराब हो गई थी.
मामला बरेली के चौकी चौराहा स्थित सिटी सेंटर एलए मॉल में रविवार की देर रात का है. जानकारी के मुताबिक मॉल में खरीदारी के बाद 13 लोग लिफ्ट से नीचे आ रहे थे. अचानक से लिफ्ट बीच में ही रूक गई. उस समय लिफ्ट में छोटे बच्चे, महिलाएं और अन्य लोग मौजूद थे. भीषण गर्मी और उमस के कारण कुछ ही देरे में ऐसे हालात बने की एक लड़की बेहोश होकर गिर गई. वहीं कुछ अन्य लोग भी लिफ्ट में बैठ गए. इससे लिफ्ट के अंदर चीख पुकार मच गई. बावजूद इसके बाहर से कोई मदद नहीं मिली.
ऐसे बची जान
लिफ्ट में फसे लोगों ने बताया कि उन्होंने अलार्म बचाया, बाहर के लोगों को फोन करने की कोशिश की, लेकिन बाहर से कोई मदद नहीं मिली. आखिर में लोगों ने खुद से मशक्कत करते हुए लिफ्ट का गेट तोड़ दिया और बाहर निकले. बताया जा रहा है कि रविवार के अवकाश की वजह से मॉल में सामान्य दिनों की अपेक्षा भीड़ ज्यादा थी. लोग मूवी देखने और शॉपिंग करने के लिए आए हुए थे. इसी दौरान यह हादसा होने की वजह से उनका पूरा वीकेंड खराब हो गया है.
बिजली कटौती बनी वजह
पीड़ितों के मुताबिक लिफ्ट में सवार होते ही बिजली कट गई. इससे लिफ्ट रूक गई. उन्हें लगा कि थोड़ी देर में बिजली आ जाएगी. लेकिन जब काफी देर बाद भी लिफ्ट नहीं चली तो सभी लोग घबरा गए. चूंकि लिफ्ट में उस समय तीन बच्चे, चार महिलाएं और अन्य लोग मौजूद थे. इससे लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत होने लगी थी. पीड़ितों के मुताबिक लिफ्ट में लिखे नंबरों पर उन्होंने कई बार कॉल किया, लेकिन बाहर से कोई रेस्पांस नहीं मिला.
लड़की के बेहोश होते मची अफरा तफरी
लिफ्ट में बिहारीपुर की रहने वाली 17 वर्षीय शालिनी भी थी. उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर गई. इससे अंदर मौजूद लोगों में डर और बढ़ गया. लोग लिफ्ट का दरवाजा पीटने लगे और आखिर में काफी मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा तोड़ दिया. सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. हालांकि तब तक सभी लोग बाहर निकल चुके थे. पुलिस ने पीड़ितों से तहरीर देने को कहा है.
मॉल प्रबंधन ने दी सफाई
मॉल के ऑपरेशन मैनेजर विदिन कुमार भार्गव ने घटना पर सफाई दी है. कहा कि बिजली कटने के एक मिनट के अंदर जनरेटर चालू हो जाता है और साथ में ही लिफ्ट भी चालू हो जाती है. लिफ्ट रूकते ही अंदर से किसी ने लिफ्ट के गेट पर जोर से लात मारी थी, इसलिए सेंसर खराब हो गया और लिफ्ट चालू नहीं हो सकी. बाद में तकनीकी टीम ने करीब 35 मिनट में लिफ्ट खोलकर सभी लोगों को बाहर निकाला है.