कैफे में दूसरे समुदाय के युवकों के साथ वायरल हुए फोटो-वीडियो, बरेली में छात्रा ने दे दी जान

बरेली में नौवीं की छात्रा ने कैफे में पकड़े जाने और वीडियो वायरल होने के बाद आत्महत्या कर ली. परिजनों ने दूसरे समुदाय के युवकों और कैफे संचालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे छात्रा मानसिक तनाव में थी. पुलिस ने एक को हिरासत में लिया है और गहन जांच में जुटी है.

कैफे की घटना के बाद नौवीं की छात्रा ने आत्महत्या कर ली Image Credit:

बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में नौवीं कक्षा की एक छात्रा ने मंगलवार रात अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. परिजनों का आरोप है कि छात्रा के साथ हुई एक घटना और उसके फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वह मानसिक तनाव में थी. पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार, छात्रा इज्जतनगर स्थित ब्लू डायमंड कैफे गई थी. आरोप है कि वहां दूसरे समुदाय के दो युवक शोएब और सलमान थे, जबकि दूसरा साथी बाहर निगरानी कर रहा था. इसी दौरान हिंदू संगठन के लोगों को जानकारी मिली और कैफे में हंगामा हो गया. लोगों ने छात्रा और युवकों के फोटो-वीडियो बना लिए, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए.

क्लीनिक की मालकिन ने साजिश रची- परिवार

वहीं, कैफे में हंगामे के दौरान सलमान नामक युवक को मौके से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया, जबकि अन्य लोग वहां से चले गए. परिवार का आरोप है कि वीडियो वायरल होने के बाद छात्रा गहरे सदमे में थी. मंगलवार रात उसने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उसे खोला तो वह फंदे से लटकी मिली.

छात्रा एक क्लीनिक पर काम करती थी. परिजनों का आरोप है कि क्लीनिक की मालकिन ने यह पूरी साजिश रची है. वह लड़कियों को दूसरे समुदाय के लोगों के साथ भेजती थी. मृतका के परिजनों ने शोएब, सलमान, संबंधित क्लीनिक संचालक और कैफे संचालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि पूरे घटनाक्रम के कारण छात्रा ने यह कदम उठाया.

क्या आत्महत्या के लिए उकसाया गया? जांच जारी

सूचना मिलने पर बिथरी चैनपुर थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. घटना के बाद परिवार ने शोएब, सलमान, क्लीनिक संचालक और कैफे संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि फोटो और वीडियो किसने बनाए, किसने उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल किया और क्या किसी की भूमिका आत्महत्या के लिए उकसाने की रही है. हिरासत में लिए गए युवक सलमान से पूछताछ जारी है. पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.

Follow Us