महोबा में पुजारी हत्याकांड का खुलासा, 80 साल का बुजुर्ग निकला कातिल; दोस्त को चाहता था फंसाना

महोबा पुलिस ने संकट मोचन मंदिर के पुजारी की ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री सुलझा ली है. 80 साल के बुजुर्ग को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया, जिसने मृतक के दोस्त को फंसाने के लिए एक फर्जी डायरी का इस्तेमाल किया था. भूमि विवाद के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया.

महोबा ब्लाइंड मर्डर: 80 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार Image Credit:

महोबा में पुलिस ने संकट मोचन मंदिर के पुजारी की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए 80 साल के बुजुर्ग को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने हत्या के बाद पुलिस को गुमराह करने और मृतक के एक मित्र को फंसाने के लिए फर्जी डायरी तक तैयार कर दी थी. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद कर लिया है.

यह मामला कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के बेलाताल कस्बे स्थित फूलबाग हनुमान मंदिर का है. यहां 18 जुलाई को मंदिर के 65 वर्षीय पुजारी उदित नारायण मिश्रा की हत्या कर दी गई थी. वारदात के बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की और इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाने के लिए विशेष टीमों का गठन किया.

फर्जी डायरी तैयार कर मृतक के पास रख दी थी

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हत्या की साजिश का खुलासा किया. पुलिस के अनुसार, आरोपी का कस्बे के रहने वाले मुंशी और उसके परिवार से सालो पुराना भूमि विवाद और रंजिश थी. इसी वजह से उसने हत्या के बाद एक फर्जी डायरी तैयार की, जिसमें इस तरह की बातें लिखीं कि पुलिस का शक मुंशी पर जाए. फिर साजिश के तहत डायरी मृतक के पास रख दी.

पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पूरी योजना के तहत पुजारी की हत्या की और डायरी से गुमराह किया, ताकि जांच की दिशा बदल जाए. हालांकि थाना कुलपहाड़ पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, पूछताछ और अन्य सबूतों के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया और आरोपी 80 साल के बुजुर्ग को गिरफ्तार कर लिया.

SP ने पुलिस टीम को दिए नगद पुरस्कार

पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है. ब्लाइंड मर्डर का सफल खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा. साथ ही उन्होंने टीम के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि वैज्ञानिक जांच और सटीक पुलिसिंग के चलते मामले का जल्द खुलासा संभव हो सका.

रिपोर्ट- विराग पचौरी, टीवी9, महोबा

Follow Us