बरेली में लगे ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे, विरोध करने पर युवक से बदसलूकी; FIR दर्ज
बरेली में 'पाकिस्तान जिंदाबाद' के नारों पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. कुछ युवकों ने कथित तौर पर ये आपत्तिजनक नारे लगाए, जिसका विरोध करने पर एक युवक से बदसलूकी की गई. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घटना से इलाके में तनाव का माहौल है.
बरेली के कैंट थाना क्षेत्र में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने का मामला सामने आया है. देश विरोधी नारे लगाने पर जब एक युवक ने विरोध जताया तो उसके साथ गाली-गलौच और बदसलूकी की गई. इस घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बन गया है और हिंदू संगठन कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज किया है.
सदर बाजार कैंट निवासी विकास ने थाना में दी गई अपनी शिकायत में बताया कि वह 3 मई 2026 को करीब दोपहर 12:20 बजे सदर क्षेत्र में एक कंप्यूटर की दुकान पर ऑनलाइन काम कराने के लिए खड़ा था. तभी मदारी की पुलिया की ओर से चार मोटरसाइकिलों पर सवार करीब आठ से दस लड़के वहां से गुजरे, जो पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे.
दो नामजद और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
विकास का आरोप है कि ये सभी लड़के क्रिकेट खेलकर लौट रहे थे और उनके हाथों में क्रिकेट बैट भी थे. शिकायत में कहा गया है कि गली से गुजरते समय ये युवक पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे. जब विकास ने इसका विरोध किया, तो सभी लड़के उस पर भड़क गए. आरोप है कि उन्होंने विकास के साथ गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी दी.
विकास का आरोप है कि मामला इतना बढ़ गया कि लड़के मारपीट पर उतारू हो गए. घटना के बाद विकास ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मामले में दो नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी में इमरान पुत्र अशफाक और कासिफ पुत्र नामालूम शामिल है. पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तार करने में जुट गई है.
घटना का सीसीटीवी वीडियो भी तेजी से वायरल
इस बीच, घटना का एक कथित सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि पुलिस इस वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है. वहीं, इस घटना को लेकर कुछ हिंदू संगठनों में भी गुस्सा देखने को मिल रहा है. उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है.