1.5 टन चांदी, 32 किलो सोना… कितने अमीर अपने राम जी? ट्रस्ट ने बताया
राम मंदिर ट्रस्ट ने अयोध्या मंदिर के कोष का विस्तृत ब्योरा जारी किया है. इसमें 32 किलो सोना और 1.5 टन चांदी शामिल है, जिसे विभिन्न रूपों में रखा गया है. चढ़ावे में चोरी की घटना के बाद यह जानकारी सार्वजनिक की गई. ट्रस्ट ने ₹20 करोड़ के 2.57 एकड़ जमीन सौदों का भी खुलासा किया, जिसमें मंदिर विस्तार के लिए नई संपत्तियां खरीदी गईं हैं.
अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर का कोश लबालब है. भगवान के कोष में 1.5 टन से अधिक तो चांदी है. वहीं 32 किलो से अधिक सोना है. यह दोनों मूल्यवान धातुएं अलग अलग फार्म में हैं. यह जानकारी राम मंदिर ट्रस्ट ने दी. राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद हुई राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में पहली बार मंदिर में चढ़ावे का पूरा हिसाब किताब सार्वजनिक किया गया है. इसमें ट्रस्ट ने बताया कि 31 मार्च 2026 तक कोषागार में 32.259 किलोग्राम सोने जैसी वस्तु जमा हो चुकी थी. वहीं चांदी जैसी सफेद धातु भी 1518.925 किलोग्राम तक मिली है.
बता दें कि राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद ट्रस्ट की काफी किरकिरी हुई. इसके बाद सोमवार को ट्रस्ट की बैठक हुई और इसमें पूरा लेखा जोखा पेश करने के साथ ही इसे सार्वजनिक भी किया गया. इस संबंध में ट्रस्ट की ओर से बयान जारी किया गया है. इसमें बताया गया कि चढ़ावे के रूप में मिली चांदी का एक बड़ा हिस्सा सरकारी टकसाल (इंडिया गवर्नमेंट मिंट) में शुद्ध कराया गया है और इस धातु को चांदी की ईंटों के फार्म में रखा गया है.
कितने रूप में हैं मूल्यवान धातुएं
राम मंदिर ट्रस्ट के मुताबिक राम मंदिर के कोषागार में चांदी दो रूपों में मौजूद है. इसमें से 669.653 किलोग्राम चांदी आभूषण, छत्र, अन्य वस्तुओ के रूप में है. वहीं शेष 849.272 किलोग्राम चांदी 99.99% शुद्ध रिफाइंड सिल्वर के रूप में है. इसे पिघलाकर 43 चांदी की ईंटों में बदला गया है. ट्रस्ट के मुताबिक 31 मार्च 2024 तक मंदिर को कुल 16.765 किलोग्राम सोना मिला था. वहीं 2024-25 में 10.445 किलोग्राम, 2025-26 में 5.050 किलोग्राम सोना मिला है.
जमीन के सौदों का भी दिया ब्यौरा
राम मंदिर ट्रस्ट ने इस बैठक में एक साल के अंदर हुए 14 भूमि सौदों का भी ब्यौरा दिया. बताया कि 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच 2.57 एकड़ जमीन खरीदी गई है. इनमें से 12 सौदे रजिस्ट्री के माध्यम से हुए, वहीं 2 सौदे एग्रीमेंट टू सेल से के जरिए हुए हैं. बैठक में रखे गए दस्तावेजों के मुताबिक इन सौदों पर करीब 20.16 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं. यह सारी जमीनें बाग बिजैसी, हैबतपुर, रानोपाली उद्दन, कोटरामचंद्रा और अवध खास सहित कई क्षेत्रों में खरीदी गई हैं.