‘आज मेरा आखिरी दिन है’, इंस्टा पर युवक ने डाला वीडियो, मेटा अलर्ट से 15 मिनट में रेस्क्यू

बरेली में एक युवक आत्महत्या करने जा रहा था, जिसे पुलिस ने समय रहते रेस्क्यू किया है. युवक ने इंस्टाग्राम पर आत्महत्या का वीडियो पोस्ट किया था. वहीं, मेटा अलर्ट के बाद बरेली पुलिस ने 15 मिनट में मौके पर पहुंच गई, जहां युवक को गंभीर हालत में पाया. प्रेम प्रसंग में युवक ने यह कदम उठाया था.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

बरेली के आंवला क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि अगर पुलिस समय पर सक्रिय हो जाए तो बड़ी से बड़ी अनहोनी को टाला जा सकता है. एक युवक ने इंस्टाग्राम पर आत्महत्या से जुड़ा वीडियो पोस्ट किया था. अलर्ट मिलने पर पुलिस ने मात्र 15 मिनट में युवक के पास पहुंचकर उसकी जान बचा ली.

दरअसल बरेली से 50 किलोमीटर दूर आंवला क्षेत्र के एक युवक ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उसने लिखा था ‘आज मेरा आखिरी दिन है, मैं ज़हर खाने वाला हूं.’ इस पोस्ट के बाद मेटा की ओर से अलर्ट पुलिस मुख्यालय को मिला. फिर इसकी सूचना बरेली पुलिस तक पहुंची, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी गई.

हाथ पर ब्लेड के कट, पी ली थी कीटनाशक दवा

आंवला सीओ नितिन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम बिना देरी किए युवक की लोकेशन पर रवाना हो गई. पुलिस की तेजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महज 15 मिनट के भीतर टीम युवक के घर पहुंच गई. पुलिस जब युवक के घर पहुंची तो परिजनों से जानकारी लेकर उसके कमरे तक पहुंची. वहां का नजारा देखकर सभी चौंक गए.

पुलिस ने पाया कि युवक ने अपने हाथ पर ब्लेड से कई कट लगाए हुए थे और उसने कीटनाशक दवा भी पी ली थी. पास में दवा की बोतल पड़ी हुई थी. इसके बाद पुलिस ने बिना समय गंवाए परिजनों की मदद से युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने इलाज के बाद उसकी हालत को खतरे से बाहर बताया और बाद में उसे घर भेज दिया गया.

प्रेम प्रसंग के चलते तनाव में कदम उठाया यह कदम

पुलिस पूछताछ में युवक ने बताया कि वह एक युवती से प्रेम करता है. कुछ समय से युवती ने उससे बात करना बंद कर दिया था, जिससे वह काफी परेशान और आहत था. इसी तनाव में आकर उसने यह कदम उठाया. पुलिसकर्मियों ने युवक को समझाया और उसकी काउंसलिंग की. युवक ने वादा किया कि वह भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करेगा.

परिवार वालों ने भी पुलिस का आभार जताया और कहा कि अगर पुलिस समय पर नहीं पहुंचती तो कुछ भी हो सकता था. इस घटना के सामने आने के बाद बरेली पुलिस की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है. लोग पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता की सराहना कर रहे हैं. कई लोगों ने लिखा कि पुलिस का यह रूप समाज में भरोसा बढ़ाने वाला है.

Follow Us