पहले मोनालिसा के मां-बाप, अब सास-ससुर ने तोड़ा नाता; अब शादी को लेकर क्या बोले फरमान के पिता?
महाकुंभ फेम मोनालिसा और फरमान के लिए शादी मुसीबत बन गई है. पहले मोनालिसा के मां-बाप ने रिश्ता तोड़ा, अब फरमान के भी मां-बाप ने इन दोनों को बेदखल कर दिया है. फरमान के पिता ने स्पष्ट कहा कि मोनालिसा उनकी बहू नहीं बन सकती, और फरमान ने परिवार की इज्जत पर बट्टा लगाया है. यह अंतरजातीय विवाह दोनों परिवारों के लिए तनाव का कारण बन गया है.
महाकुंभ 2025 के दौरान रुद्राक्ष की माला बेचकर सुर्खियों में आई कजरारे नैन वाली मोनालिसा के साथ सबकुछ ठीक नहीं है. बॉयफ्रेंड फरमान से शादी के बाद पहले मोनालिसा के माता-पिता ने रिश्ता तोड़ लिया था, अब सास-ससुर यानी फरमान के मां-बाप ने भी इनसे रिश्ता तोड़ लिया है. उत्तर प्रदेश में बागपत के रहने वाले फरमान के पिता ने यहां तक कह दिया कि वह किसी फरमान को नहीं जानते. मोनालिसा ने हाल ही में बॉलीवुड की एक फिल्म ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ में भी काम किया है.
इंदौर की रहने वाली मोनालिसा ने हाल ही में बागपत निवासी फरमान खान के साथ केरल के एक मंदिर में शादी रचा ली थी. इस शादी के बाद से ही मोनालिसा के घर वाले खुलकर विरोध कर रहे हैं. यहां तक कि उसकी मां और बहन ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई थी. आरोप लगाया था कि क बड़ी साजिश के तहत फरमान ने उनकी बेटी के साथ शादी किया है. हालांकि अब तक फरमान के घर वाले इस मामले में चुप्पी साधे हुए थे.
क्या बोले फरमान के पिता?
इस मामले में फरमान के पिता भले ही अब तक कुछ भी बोलने से बचते रहे हैं, लेकिन रविवार को जब बोले तो पूरी भड़ास निकाल दी. मीडिया ने जब उनसे फरमान और मोनालिसा की शादी के बारे में पूछा तो पहले तो उन्होंने इन दोनों को पहचानने से ही इनकार कर दिया. उल्टा पूछ लिया कि कौन फरमान? फिर जब आगे बात हुई तो उन्होंने कहा कि उसकी वजह से पहले ही काफी बदनामी हो चुकी है. उन्होंने फरमान से अपने रिश्ते तोड़ लिए हैं और उससे उनकी कोई बातचीत नहीं होती.
हमारी बहू नहीं बन सकती मोनालिसा
फरमान के पिता ने कहा कि मोनालिसा दूसरी बिरादरी की लड़की है. उससे शादी कर फरमान ने उनकी और परिवार की इज्जत पर बट्टा लगाया है. उन्होंने कहा कि मोनालिसा किसी हाल में उनकी बहू नहीं बन सकती. फरमान से उन्होंने रिश्ता तोड़ लिया है, अब उसे उनके घर में दाखिल होने से पहले मोनालिसा से संबंध तोड़ना होगा. बता दें कि बीते 11 मार्च को मोनालिसा और फरमान खान ने अपनी शादी रजिस्टर्ड कराई थी. इसी दौरान उसने डायरेक्टर सनोज मिश्रा पर कई गंभीर आरोप भी लगाए थे.