Ground Repot: बरेली में पूरी रात बिजली कटौती, घर बनी भट्ठी लेकिन फोन न उठा रहे अधिकारी

बरेली में बिजली कटौती से लोग बेहाल हो गए हैं. यहां के कई इलाकों में रात-रात भर बत्ती गुल रह रही है. भीषण गर्मी के चलते घर में रहना मुश्किल हो गया है. लोगों को अपनी रात घर के बाहर ही गुजारनी पड़ रही है. लेकिन इस बीच अधिकारियों को जब अपनी समस्याएं बताने के लिए कॉल किया जा रहा है, तो वो कॉल तक नहीं उठा रहे हैं.

बरेली में भीषण बिजली कटौती Image Credit:

उत्तर प्रदेश के बरेली में भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी कई गुना बढ़ा दी है. शहर का तापमान करीब 44 डिग्री तक पहुंच चुका है, लेकिन इसके बावजूद कई इलाकों में 7 से 8 घंटे तक बिजली नहीं आ रही. गर्मी से लोग बेहाल हैं और बिजली विभाग की कार्यशैली को लेकर लोगों में भारी गुस्सा देखने को मिल रहा है.

भीषण गर्मी से घरों के अंदर रहना मुश्किल

टीवी9 भारतवर्ष की टीम ने शहर के कई मोहल्लों में जाकर हालात का जायजा लिया. सबसे पहले टीम बिहारीपुर इलाके में पहुंची. यहां लोगों की परेशानी साफ दिखाई दी. कई लोग दुकानों और पेड़ों के नीचे बैठे हाथ से पंखा झलते नजर आए. लोगों का कहना था कि पूरी-पूरी रात बिजली नहीं आती, जिससे घरों में रहना मुश्किल हो गया है. छोटे बच्चे गर्मी से परेशान हैं और रातभर सो नहीं पा रहे हैं.

स्थानीय लोगों ने बताया कि घरों में कूलर और पंखे सब मौजूद हैं. लेकिन बिजली न होने की वजह से कोई फायदा नहीं मिल रहा है. लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग के अधिकारियों को फोन किया जाता है, लेकिन या तो कॉल रिसीव नहीं होती या फिर फोन बंद मिलता है. कई दिनों से यही समस्या लगातार बनी हुई है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है.

इसके बाद टीवी9 की टीम मालूकपुर और चमन मठिया इलाके में पहुंची. यहां भी हालात बेहद खराब मिले. एक घर में 5 से 6 महिलाएं छोटे-छोटे बच्चों को लेकर जमीन पर चटाई बिछाकर बैठी थीं. महिलाओं के हाथों में हाथ से बने पंखे थे और वे बच्चों को हवा कर रही थीं. महिलाओं ने बताया कि रातभर बिजली नहीं आती और दिन में भी घंटों कटौती की जा रही है. घरों के अंदर इतनी गर्मी है कि बैठना तक मुश्किल हो गया है.

शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

महिलाओं ने गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि छोटे-छोटे बच्चे गर्मी से बिलबिला रहे हैं. पूरी रात जागकर काटनी पड़ती है. बिजली विभाग से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. लोगों का कहना है कि अगर यही हाल रहा तो हालात और बिगड़ सकते हैं.

अधिकारी नहीं उठा रहे हैं कॉल

टीवी9 की टीम ने बिजली विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने की भी कोशिश की. टीम ने चीफ इंजीनियर को कई बार फोन किया, लेकिन पहली बार कॉल रिसीव नहीं हुई. दोबारा फोन करने पर मोबाइल स्विच ऑफ बताने लगा और बाद में फोन लगातार बिजी आ रहा था. ऐसे में टीवी9 की टीम बिजली विभाग का पक्ष नहीं ले सकी.

सरकार के दावे से अलग है जमीनी हकीकत

फिलहाल बरेली में बिजली कटौती को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है. लोगों का कहना है कि सरकार 24 घंटे बिजली देने के दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है. लोगों ने कहा कि सरकार और अधिकारी एक बार इलाके में आकर देखें कि भीषण गर्मी में लोग किस तरह परेशान होकर दिन और रात काटने को मजबूर हैं.

Follow Us