प्रापर्टी विवाद में कातिल बना भाई, पुलिस ने पकड़ा तो करने लगा पछतावा; हैरान कर देगी कहानी
बरेली में प्रॉपर्टी विवाद ने खूनी मोड़ लिया. यहां छोटे भाई विष्णु गुप्ता ने भाजपा नेता सूर्य प्रकाश गुप्ता को मकान की तीसरी मंजिल से धक्का देकर मार डाला. पुलिस ने आरोपी विष्णु को गिरफ्तार कर लिया है, जो अब पछतावा कर रहा है. मृतक के बेटे की तहरीर पर 10 लोगों के खिलाफ FIR हुई है, जिसमें विष्णु के बेटे भी शामिल हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में है.
उत्तर प्रदेश के बरेली में एक दिल दहलाने वाली वारदात हुई है. यहां प्रापर्टी के विवाद में एक युवक ने अपने भाई की हत्या कर दी. बाद में जब पुलिस ने पकड़ा तो आरोपी पछतावा करने लगा. मामला बरेली में किला थाना क्षेत्र के मुरावपुरा मोहल्ले का है. पुलिस ने मृतक एवं पूर्व पार्षद और भाजपा नेता सूर्य प्रकाश गुप्ता की छोटे भाई विष्णु गुप्ता को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है. पुलिस इस मामले में अब बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी है.
पुलिस के मुताबिक बीजेपी नेता सूर्य प्रकाश गुप्ता का मकान के बंटवारे को लेकर छोटे भाई विष्णु गुप्ता के साथ विवाद चल रहा था. परिवार के लोगों ने कई बार आपसी समझौते के आधार पर विवाद को सुलझाने की कोशिश की, लेकिन मामला सुलझने के बजाय और उलझता चला गया. इसी बीच अचानक इनके विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि इस बार विष्णु एवं अन्य लोगों ने मिलकर सूर्य प्रकाश की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए.
तीसरी मंजिल से गिरकर हुई थी मौत
आरोप है कि बृहस्पतिवार को दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो रहा था. इसी दौरान विष्णु गुप्ता ने अपने बेटों आयुष और कौशिश के साथ मिलकर सूर्य प्रकाश गुप्ता को मकान की तीसरी मंजिल से नीचे धक्का दे दिया. इससे सूर्य प्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए. आनन फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी.
10 लोगों पर FIR
मृतक के बेटे आशुतोष गुप्ता की तहरीर पर पुलिस ने कुल 10 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. इसमें मृतक के छोटे भाई विष्णु गुप्ता, उनके बेटे आयुष और कौशिश आदि के नाम भी शामिल हैं. पुलिस की पूछताछ में आरोपी विष्णु गुप्ता ने घटना कबूल करते हुए पछतावा किया है. उसने कहा कि मामूली से मकान के लिए उसने अपने भाई की हत्या कर दी. किला थाना प्रभारी अचल कुमार के मुताबिक मामले की जांच जारी है. बाकी आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.