प्रापर्टी का था विवाद, जेल से छूटे हिस्ट्रीशीटर ने गोली मारकर ले ली छोटे भाई की जान; गांव में मचा हड़कंप

बरेली में एक प्रॉपर्टी विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया. शेरगढ़ थाना क्षेत्र के खजुआ जागीर गांव में, हिस्ट्रीशीटर तौफीक उर्फ गुड्डू ने अपने छोटे भाई इसरार की गोली मारकर हत्या कर दी. दोनों भाइयों में जमीन-मकान की हिस्सेदारी को लेकर पुराना झगड़ा था. जेल से छूटने के बाद हुई इस वारदात से गांव में हड़कंप मच गया है. पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है.

बड़े भाई ने छोटे भाई को मारी गोली Image Credit:

उत्तर प्रदेश के बरेली में रिश्तों के खून का मामला सामने आया है. यहां शेरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव खजुआ जागीर में एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश ने प्रापर्टी के विवाद में अपने छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी है. दोनों भाईयों में जमीन और मकान में हिस्सेदारी को लेकर पुराना झगड़ा था. शुक्रवार को दोनों भाइयों की इसी विवाद में फोन पर कहासुनी हुई थी. इसके बाद आरोपी बड़े भाई ने छोटे भाई के घर जाकर उसे गोली मारी दी है.

इस वारदात के बाद गांव मेंअफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी. वहीं आरोपी वारदात के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ फरार हो गया. जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है. मृतक की पत्नी फैजी ने इस वारदात को लेकर अपने जेठ तौफीक उर्फ गुड्डू, उसके बहनोई असलम और बेटे नदीम के खिलाफ तहरीर दी है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच तेज कर दी है.

कहासुनी के बाद मारी गोली

परिजनों के मुताबिक हिस्ट्रीशीटर बदमाश तौफीक उर्फ गुड्डू और उसके छोटे भाई इसरार के बीच संपत्ति को लेकर विवाद था. जेल से छूटने के बाद तौफीक बहेड़ी में रह रहा था. वारदात से पहले दोनों भाइयों में फोन पर बातचीत और कहासुनी हुई थी. इसके बाद आरोपी अपने साथियों के साथ गांव खजुआ जागीर पहुंचा, जहां उसकी छोटे भाई इसरार के साथ फिर बहस हुई. इसी दौरान आरोपी ने तमंचा निकालकर इसरार के सीने में गोली मार दी. गोली लगते ही इसरार जमीन पर गिरकर तड़पने लगा. आनन फानन में परिवार वाले उसे लेकर अस्प्ताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

परिवार में मचा कोहराम

मृतक की पत्नी फैजी के मुताबिक उसके पति इसरार मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे. उनके बाद परिवार में वह खुद और छह साल की बेटी इनाया और तीन साल का बेटा आसिव हैं. इस वारदात के बाद परिवार में कोहराम मच गया है. तीनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है. एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक आरोपी तौफीक शेरगढ़ थाने का हिस्ट्रीशीटर है. उसके खिलाफ शेरगढ़, बहेड़ी, भोजीपुरा और देवरनियां समेत कई थानों में दो दर्जन से ज्यादा आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं.

Follow Us