बरेली में 20 फीसदी महंगी होगी प्रापर्टी! प्रस्तावित सर्किल रेट पर DM ने मांगी आपत्ति
उत्तर प्रदेश के बरेली में प्रॉपर्टी खरीदना अब 20% तक महंगा हो सकता है. जिला प्रशासन ने नए सर्किल रेट प्रस्तावित किए हैं, जिन पर DM ने 17 अगस्त तक आपत्तियां मांगी हैं. शहर के प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक और ग्रामीण क्षेत्रों में जमीन की कीमतें बढ़ाई गई हैं. यह बढ़ोतरी आवासीय और व्यावसायिक दोनों तरह की संपत्तियों पर लागू होगी.
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में अब जमीन की खरीद-फरोख्त महंगी हो सकती है. जिला प्रशासन ने पिछले साल की सर्किल रेट में बदलाव करते हुए कई इलाकों में जमीन की सरकारी कीमत बढ़ाने का प्रस्ताव किया है. शहर के प्रमुख बाजार और व्यावसायिक क्षेत्रों में करीब दो से 20 फीसदी तक बढ़ोतरी प्रस्तावित है. वहीं, जिन ग्रामीण इलाकों में जमीन की खरीद-बिक्री ज्यादा हो रही है, वहां भी दरों में इजाफा किया गया है.
प्रस्तावित सर्किल रेट पर डीएम ने लोगों से 17 अगस्त तक आपत्तियां मांगी हैं. प्रस्तावित सर्किल रेट के मुताबिक मूर्ति नर्सिंग होम यानी नई बस्ती से गंगापुर चौराहा होते हुए श्यामगंज तक व्यावसायिक जमीन की दरों में बड़ा बदलाव किया गया है. नई बस्ती में पिछले साल व्यावसायिक जमीन का रेट 82 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर था, जिसे बढ़ाकर 98 हजार रुपये प्रस्तावित किया गया है. इसी प्रकार नरकुलागंज में 81 हजार से बढ़ाकर 98 हजार रुपये किया गया है.
इन इलाकों में भी प्रस्ताव
श्यामगंज में पहले 97,500 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर थी. अब इसमें मामूली बढ़ोतरी करते हुए 98 हजार रुपये प्रस्तावित सर्किल रेट किया गया है. इसी प्रकार गंगापुर में 82 हजार से बढ़ाकर 98 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर करने का प्रस्ताव है. इस तरह इन चारों इलाकों में व्यावसायिक जमीन का रेट एक समान हो जाएगा. उधर, गांधी उद्यान से श्यामगंज चौराहे तक कस्बा हाफिजपुर, सेहमल खेड़ा और फाल्तुनगंज में व्यावसायिक जमीन की दर 1.01 लाख से बढ़ाकर 1.21 लाख रुपये प्रति वर्ग मीटर करने का प्रस्ताव है. वहीं रामपुर बाग में सर्किल रेट 1.10 लाख से बढ़ाकर 1.32 लाख प्रस्तावित है.
पीलीभीत बाइपास से सिविल लाइंस तक बढ़े दाम
सेटेलाइट बस अड्डे से बीसलपुर चौराहे तक पीलीभीत बाइपास रोड पर अकृषक भूमि की दर 48 हजार से बढ़ाकर 57 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर करने का प्रस्ताव है. नवादा शेखान, जगतपुर, लाला बेगम और कस्बा हाफिजपुर में व्यावसायिक जमीन की दर 89 हजार से बढ़ाकर 1.06 लाख रुपये की गई है. सिविल लाइंस में अयूब चौराहे से हनुमान मंदिर होते हुए नावल्टी चौराहे तक व्यावसायिक जमीन की दर 1,18,500 से बढ़ाकर 1.42 लाख रुपये प्रति वर्ग मीटर प्रस्तावित है. नावल्टी से घंटाघर-कुतुबखाना और अयूब खां से चौपुला चौराहे तक भी यही दर रहेगी.
यहां भी महंगी होगी प्रापर्टी
जनकपुरी, एकता नगर और प्रेमनगर में भी आवासीय और व्यावसायिक जमीन की कीमत बढ़ाने का प्रस्ताव है. जनकपुरी में आवासीय दरें 43 से 50 हजार, 44 से 51 हजार और 45 से 52 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर तक की गई हैं. व्यावसायिक दर 65,500 से बढ़ाकर 73 हजार रुपये होगी. एकता नगर में आवासीय दरें 39 से 47 हजार, 41 से 49 हजार और 43 से 51 हजार रुपये प्रस्तावित हैं. व्यावसायिक रेट 69 हजार से बढ़ाकर 79 हजार रुपये किया गया है. प्रेमनगर और गांधीनगर में भी आवासीय और व्यावसायिक दरों में बढ़ोतरी की गई है.