बरेली में सड़क पर पड़े मिले संदिग्ध पशु अवशेष, पुलिस की सतर्कता ने टाला बड़ा बवाल
बरेली के आला हजरत अस्पताल रोड पर संदिग्ध पशु अवशेष मिले. राहगीरों की नजर पड़ने पर इलाके देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई. यह खबर फैलते ही हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और नाराजगी जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया.हालांकि, पुलिस की सतर्कता से बड़ा बवाल होने से टल गया.
बरेली में बकरीद ईद पर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई. थाना बारादरी के सतीपुर चौराहे के पास सड़क किनारे पशुओं के अवशेष पड़े मिले. इलाके में यह खबर फैलते ही हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और नाराजगी जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर मामला शांत करा दिया.
बताया जा रहा है कि बकरीद पर शहर के अलग-अलग इलाकों में बड़ी संख्या में कुर्बानी दी गई थी. इसके बाद कुछ जगहों पर पशुओं के अवशेष खुले में फेंक दिए गए. देर रात सतीपुर चौराहे के पास आला हजरत अस्पताल रोड पर कुछ कुत्ते अवशेषों को खींचकर सड़क तक ले आए. राहगीरों की नजर पड़ने पर इलाके देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई.
हिंदूवादी संगठनों ने जताई नाराजगी
मौके पर पहुंचे हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि खुले में अवशेष फेंकने से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं. और माहौल खराब करने की कोशिश की गई है.उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन को पहले से निगरानी करनी चाहिए थी ताकि ऐसी स्थिति पैदा न हो. कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई.
जांच के लिए अवशेषों का सैंपल भेजा गया
हंगामे की सूचना मिलते ही बारादरी थाना इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने सबसे पहले सड़क पर पड़े अवशेष हटवाए और भीड़ को शांत कराने की कोशिश की. अवशेषों का सैंपल भरवाकर जांच के लिए भेज दिया है.
पुलिस की सतर्कता से टला बड़ा बवाल
घटना के बाद इलाके में पुलिस सतर्क रही और देर रात तक गश्त बढ़ा दी गई. संवेदनशील इलाकों में भी पुलिस टीमों को अलर्ट रखा गया ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो.स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहारों के दौरान साफ-सफाई और निगरानी की व्यवस्था और मजबूत होनी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और इलाके में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है.
पुलिस ने क्या बताया?
पूरे मामले में ASP शिवमआशुतोष ने बताया कि थाना बारादरी, जनपद बरेली पर एक पशु के अवशेष मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी. सूचना मिलने के उपरांत अधिकारियों द्वारा स्थल का निरीक्षण किया गया. पशु चिकित्सक द्वारा उस पशु के अवशेष का सैंपल लिया गया है. प्रथम दृष्टया जांच में यह पाया गया है कि आज बकरीद ईद के अवसर पर कुर्बानी के उपरांत किसी के द्वारा पशु के अवशेष वहां पर डाले गए हैं. इस प्रकरण में गहनता से जांच की जा रही है और जांच के उपरांत इसमें विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.