खुले बाजार में UP पुलिस भर्ती परीक्षा 2026 का नकली पेपर! कीमत 8000 रुपये, एक्शन में भर्ती बोर्ड
उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2026 से ठीक पहले ₹8000 में फर्जी पेपर बिकने की खबर सामने आई है. टेलीग्राम पर बेचे जा रहे इस नकली पेपर के खिलाफ UPPRPB ने हुसैनगंज थाने में FIR दर्ज कराई है. बोर्ड ने अभ्यर्थियों को पारदर्शिता का भरोसा दिया है और STF व साइबर सेल को निगरानी में लगाया है. अभ्यर्थियों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है.
उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा शुरू होने से महज एक दिन इस परीक्षा का पेपर खुले बाजार में आ गया है. हालांकि जांच में पता चला है कि यह नकली पेपर है. जालसाजों ने अभ्यर्थियों को झांसे में लेकर फायदा उठाने की कोशिश की है. टेलीग्राम ऐप पर ‘यूपीपी एग्जाम पेपर’ नाम के चैनल के जरिए असली बताकर यह पेपर 8,000 रुपये में बेचा जा रहा है. जानकारी मिलने पर उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड UPPRPB ने लखनऊ के हुसैनगंज थाने में FIR दर्ज कराई है.
अब पुलिस इस टेलीग्राम चैनल के एडमिन, आईपी एड्रेस और पैसे जमा करने वाले बैंक खातों की छानबीन कर रही है. अब तक की जांच में पता चला है कि फर्जी चैनल पर लगातार मैसेज भेजकर दावा किया जा रहा था कि पेपर लीक हो चुका है. अभ्यर्थियों को फंसाने के लिए QR कोड और बैंक खाते की डिटेल्स भी शेयर की गईं. 8,000 रुपये ट्रांसफर करने वाले उम्मीदवारों को पेपर भेजने का झांसा दिया जा रहा था.
बोर्ड ने दिया भरोसा
जालसाजों की इस चाल को भांपकर UPPRPB ने अभ्यर्थियों को भरोसा दिया है कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित होगी. सभी प्रश्नपत्र स्ट्रॉन्ग रूम में बंद हैं और कड़ी निगरानी में रखे गए हैं. परीक्षा 8, 9 और 10 जून 2026 को है. इस परीक्षा को दो पालियां सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा. बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा को और सख्त कर दिया है. हर जिले में नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं, जो सीधे मुख्यालय को रिपोर्टिंग करेंगे.
एक्शन में एसटीएफ
पेपर आउट होने की अफवाह के बाद एक तरफ जहां बोर्ड ने एफआईआर दर्ज कराया है, वहीं उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और साइबर सेल ने सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी शुरू कर दी है. बोर्ड ने चेतावनी दी है कि फर्जी पेपर, स्क्रीनशॉट या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) तक के तहत कार्रवाई की जा सकती है. UPPRPB ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपनी मेहनत पर भरोसा रखें और किसी भी तरह की अफवाह, फर्जी चैनल या “पेपर लीक” के दावे पर ध्यान न दें.
