‘ट्रेन से कट जाओ या फंदा लगा लो’… नपुंसक कह-कहकर पत्नी रोज देती थी ताने, आहत पति ने दे दी जान
बरेली में एक युवक की पत्नी अपने प्रेमी संग मिलकर उसे बार-बार नपुंसक कहकर ताने देती थी. दोनों सुमित से यह तक कहते थे कि वह फंदा लगाकर या ट्रेन से कटकर जान दे दे, ताकि वे दोनों साथ रह सकें. लगातार अपमान और दबाव के चलते युवक टूट गया और उसने अपनी जान दे दी.
बरेली के बिथरी चैनपुर इलाके में एक युवक ने पत्नी के तानों से आहत होकर जान दे दी. मृतक के परिवार वालों का कहना है कि पत्नी अपने प्रेमी के साथ मिलकर युवक को बार-बार नपुंसक कहकर अपमानित करती थी. इससे आहत लगाकर युवक ने फांसी का फंदा लगा लिया. फिलहाल, इस मामले में पुलिस ने पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं.
तानों से टूटा सुमित, मौत तक पहुंचा मामला
मृतक की पहचान सुमित सोनकर के रूप में हुई है. वह मूल रूप से शाहजहांपुर का रहने वाला था. वह बरेली के रामगंगानगर इलाके में किराये पर रहकर मजदूरी करता था. परिवार वालों के मुताबिक, सुमित की पत्नी काजल के पड़ोस में रहने वाले युवक निहाल सैनी से नजदीकियां बढ़ गई थीं.
प्रेमी के साथ मिलकर पति को अपमानित करने का आरोप
जब सुमित को इस रिश्ते की जानकारी हुई तो उसने इसका विरोध किया. आरोप है कि इसके बाद काजल और निहाल ने मिलकर सुमित को मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया. वे उसे बार-बार नपुंसक कहकर अपमानित करते थे और उसे जलील करते थे.
परिजनों का कहना है कि दोनों सुमित से यह तक कहते थे कि वह फंदा लगाकर या ट्रेन से कटकर जान दे दे, ताकि वे दोनों साथ रह सकें. लगातार अपमान और दबाव के चलते सुमित काफी परेशान रहने लगा था और धीरे-धीरे मानसिक रूप से टूट गया. ऐसे में उसने इस तरह का कदम उठा लिया.
मौत के हालात पर उठ रहे सवाल
परिवार का आरोप है कि 24 अप्रैल को काजल ने सुमित की बहन को फोन कर बताया कि उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है. जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि सुमित का शव चारपाई पर पड़ा हुआ था, जिससे मामला संदिग्ध लगने लगा. परिजनों का कहना है कि अगर उसने फंदा लगाया था तो शव चारपाई पर कैसे पहुंचा.
पत्नी ने देर से क्यों दी घटना की सूचना
घटना की सूचना भी काफी देर से दी गई, जिससे शक और गहरा हो गया. जब काजल से इस बारे में पूछा गया तो वह कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे सकी और टालमटोल करती रही.मृतक के चाचा ने थाने में शिकायत देकर पत्नी और उसके प्रेमी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है. पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
हर एंगल के की जा रही मामले की जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है और लोग इस पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं.