10 हजार में एक यूनिट ब्लड… सपा नेता का बेटा अपने 4 साथियों ‘खूनी खेल’ में रंगे हाथ गिरफ्तार

बिजनौर में सपा नेता के बेटे को हरिद्वार पुलिस ने अवैध ब्लड तस्करी में गिरफ्तार किया है. वह साथियों के साथ मिलकर फर्जी ब्लड कैंप लगाकर खून को ब्लैक मार्केट में बेचता था. यह गिरोह उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में सक्रिय था, जिसका भंडाफोड़ हुआ है. पुलिस अब इस नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है.

बिजनौर में सपा नेता का बेटा ब्लड तस्करी में गिरफ्तार Image Credit:

उत्तर प्रदेश के बिजनौर से लेकर उत्तराखंड के हरिद्वार तक अवैध तरीके से खून के कारोबार का सनसनीखेज मामला सामने आया है. हरिद्वार की लक्सर थाना पुलिस ने अवैध ब्लड तस्करी के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. इसमें बिजनौर के समाजवादी पार्टी नेता और भगीरथ सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष मदनलाल सैनी का बेटा दुष्यंत सैनी भी शामिल है.

पुलिस के मुताबिक, 16 अगस्त को सूचना मिली थी कि लक्सर क्षेत्र में कुछ लोग स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की अनुमति के बिना ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित कर रहे हैं. इन कैंप में लोगों से रक्तदान कराया जा रहा था और बाद में कथित तौर पर खून को ब्लैक मार्केट में ऊंचे दामों पर बेचता था. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कैंप स्थल पर छापेमारी की.

8 से 10 हजार रुपये में एक यूनिट बेचने का आरोप

लक्सर थाना पुलिस ने खुफिया सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कैंप स्थल पर रेड की. मौके से पुलिस ने दुष्यंत सैनी और उसके चार साथियों को हिरासत में लिया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. पुलिस ने मौके से 27 यूनिट तैयार रक्त, 27 खाली ब्लड बैग और खून निकालने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं.

पुलिस की प्राथमिक जांच में इस रैकेट के खूनी खेल की परतों का खुलासा हुआ है. गैंग के सदस्य ग्रामीण और सीधे-साधे इलाकों में कैंप लगाकर युवाओं से खून डोनेट करवाते थे. इसके बाद इस खून को बिजनौर और अन्य गैर-राज्यों के ब्लड बैंकों व निजी अस्पतालों में 8,000 से 10,000 रुपये प्रति यूनिट के ऊंचे दामों पर बेच दिया जाता था.

बिजनौर कनेक्शन को खंगाल रही हरिद्वार पुलिस

सूत्रों के मुताबिक, दुष्यंत सैनी बिजनौर में दो अवैध या संदिग्ध ब्लड बैंकों के संचालन से भी जुड़ा हुआ है. मेरठ के बड़े नर्सिंग होम्स तक खून भेजा जाता था. हरिद्वार पुलिस नेटवर्क के बिजनौर कनेक्शन को भी खंगाल रही है. यह पता लगा रही है कि इसके तार किन अस्पतालों और नामचीन ब्लड बैंकों से जुड़े हुए थे. इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं.

बेटे को झूठा फंसाया जा रहा- सपा नेता मदनलाल

वहीं, दुष्यंत सैनी के पिता मदनलाल सैनी ने अपने बेटे पर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है. मदनलाल सैनी समाजवादी पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य हैं. उन्होंने पूरी कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा कि उनके बेटे को इस मामले में झूठा फंसाया जा रहा है. फिलहाल इस मामले से हड़कंप मचा है.

Follow Us