‘देश में दो ही खलनायक… पहला मुसलमान, दूसरा सवर्ण’, ऐसे क्यों बोले बृजभूषण शरण सिंह?
बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने एक कार्यक्रम में कहा कि आज इस देश के अंदर दो खलनायक हैं, पहला मुसलमान और दूसरा सवर्ण. साथ ही यह भी कहा कि, 'मैं जानता हूं कि मेरी यह बात अंदर गहरी चोट करेगी.' पूर्व सांसद का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
बीजेपी के पूर्व सांसद और पूर्व कुश्ती संघ अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह अपने बेबाक बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं. एक बार फिर उनका बय़ान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है. पूर्व सांसद ने सार्वजनिक मंच से कहा कि देश में दो ही खलनायक है, पहला मुसलमान और दूसरा सवर्ण को बताया.
बृजभूषण शरण सिंह ने कहा ‘आज इस देश के अंदर दो खलनायक हैं. पहला मुसलमान और दूसरा इस समय सवर्ण. मैं जानता हूं मेरी यह बात अंदर गहरी चोट करेगी. मुसलमान का साथ देने के लिए भाजपा के अलावा सारी पार्टियां खड़ी हैं. लेकिन सवर्ण के साथ कौन सी पार्टी खड़ी है, हमें बता दीजिए?’ इस दौरान उन्होंने प्रभु राम के बताए रास्ते पर चलने का आग्रह भी किया.
‘इतने गहरे घाव कहां से आए होंगे, लगता है…’
यूपी के कैसरगंज से पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह बिहार की बाढ़ विधानसभा में रामनवमी कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने मंच से लोगों से दोबारा पूछा कि ‘मैं सही कह रहा हूं न. अगर मुसलमान के साथ गलत होगा तो उनका साथ देने के लिए सारी पार्टियां खड़ी हैं. लेकिन सवर्ण का साथ देने कौन सी पार्टी खड़ी है, हमें नाम बताओं…’ लोगों ने कहा, कोई नहीं.
उन्होंने इस दौरान एक शेर पढ़ा- इतने गहरे घाव कहां से आए होंगे, लगता है तुमने भी दोस्त बनाए होंगे’. उन्होंने लोगों से राम के बताए हुए रास्ते पर चलने का आग्रह किया. साथ ही कहा कि राम ने केवट, ऋषि भारद्वाज, आदिवासी, जंगल वासी और वनवासी को जोड़ा था, जिसका अर्थ है कि हमें सबको जोड़ना होगा, अगर हम बंटे रहेंगे, तो कमजोर होंगे.
‘हम 100 करोड़, कोई ताकत झुका नहीं सकती’
बृजभूषण सिंह ने लोगों से कहा कि मैं हमेशा कहता हूं कि हमें ऊंच-नीच छोड़कर एक साथ रहना चाहिए. अगर हम एकजुट रहेंगे तो कोई ताकत हमें झुका नहीं सकती है. हम 100 करोड़ हैं, हमें सबके अंदर भाव पैदा करना होगा… भगवान राम ने भी शबरी के जूठे बेर खाकर यही संदेश दिया था, कोई बड़ा या छोटा नहीं है. उन्होंने कहा कि हमें एकता बनाए रखना हैं.