‘साहब गलती हो गई, माफ कर दो’, पैर में गोली लगते ही पुलिस के सामने गिड़गिड़ाने लगा अर्जुन हत्याकांड का आरोपी
15 जून रात करीब 11:30 बजे संजयनगर इलाके में अर्जुन मौर्य को गोली मारकर हत्या कर दी थी. परिजनों ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि अर्पित मौर्य, कपिल और कुश उनके घर आए थे और अर्जुन को बुलाकर मंदिर के पास तिराहे तक ले गए. .यहां उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई. अब पुलिस इस मामले में एक आरोपी को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया.
बरेली के थाना बारादरी क्षेत्र के संजयनगर में अर्जुन मौर्य नाम के युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों में शामिल एक आरोपी अर्पित को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. इस घटना के बाद इलाके में पहले से ही तनाव का माहौल बना हुआ था क्योंकि मृतक के परिवार ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन भी किया था.
दरअसल 15 जून रात करीब 11:30 बजे संजयनगर इलाके में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी. सूचना मिलते ही थाना बारादरी पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची. जांच में मृतक की पहचान अर्जुन पुत्र राकेश निवासी संजयनगर के रूप में हुई. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.
परिजनों ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि अर्पित मौर्य, कपिल और कुश उनके घर आए थे और अर्जुन को बुलाकर मंदिर के पास तिराहे तक ले गए. .यहां उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीमें आरोपियों की तलाश में लगाई गईं.
चेकिंग के दौरान पुलिस मुठभेड़, आरोपी के पैर में लगी गोली
पुलिस के मुताबिक 18 जून को थाना बारादरी पुलिस डोहरा चौराहे के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि संजयनगर हत्याकांड के आरोपी हारून नगला रोड की तरफ से निकलकर फरार होने की कोशिश कर सकते हैं.
सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने एफसीआई गोदाम के पास घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की. कुछ देर बाद दो संदिग्ध व्यक्ति पैदल आते दिखाई दिए. पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे. पुलिस ने पीछा किया तो आरोप है कि दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी.
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी और वह मौके पर गिर गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला. घायल आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम अर्पित उर्फ पहाड़ी निवासी संजयनगर बताया. उसके पास से एक तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद होने की बात कही गई है.
आरोपी अर्पित बोला साहब गलती हो गई, माफ कर दो
पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद जब आरोपी अर्पित को इलाज के लिए ले जाया जा रहा था, उसी दौरान पुलिस की ओर से एक वीडियो भी जारी किया गया. सामने आए वीडियो में घायल अर्पित लड़खड़ाता हुआ दिखाई दे रहा है और पुलिस के सामने माफी मांगते हुए नजर आ रहा है. वीडियो में वह बार-बार कहता सुनाई दे रहा है, साहब गलती हो गई, माफ कर दो.
एनकाउंटर और बुलडोजर की उठी थी मांग
संजयनगर हत्याकांड के बाद मृतक के परिवार और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला था. परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पर धरना दिया था और हाईवे जाम कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी. परिवार लगातार यह मांग कर रहा था कि आरोपियों के खिलाफ एनकाउंटर की कार्रवाई की जाए और उनके घरों पर बुलडोजर चलाया जाए.
फिलहाल पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और घायल अवस्था में इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है. पुलिस ने मुठभेड़ के मामले में भी अलग मुकदमा दर्ज किया है. वहीं फरार आरोपी कुश की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.