एक को गाड़ी से कुचला, दूसरे को गोली मारी; बुलंदशहर में डबल मर्डर से दहशत
बुलंदशहर में लेनदेन विवाद के चलते हुई भीषण गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए. सिकंदराबाद कोतवाली के निजामपुर गांव में हुई इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में टीमें गठित की गई हैं. घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जिनमें दो की हालत गंभीर है.
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में मंगलवार की देर शाम दो पक्षों के बीच हुए लेनदेन के विवाद में जमकर फायरिंग हुई. इस दौरान गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई. वहीं एक अन्य व्यक्ति को गाड़ी से कुचलकर हत्या की गई है. इस वारदात में कई लोग जख्मी हो गए है. इनमें दो लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है. इस वारदात से एक तरफ जहां गांव में दहशत फैल गई, वहीं पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही भारी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल की जा रही है.
मामला बुलंदशहर के सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र में गांव निजामपुर का है. बताया जा रहा है कि लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था. देखते ही देखते यह विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. बताया जा रहा है की घटना के दौरान दर्जन भर से अधिक राउंड फायरिंग हुई. जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई. इस वारदात में गोली लगने से अजब सिंह की मौत हो गई. वहीं दूसरे पक्ष के सोनू की गाड़ी से कुचल कर हत्या हुई है. वहीं कई लोग घायल हुए हैं. इनमें रतन और अरविंद की हालत नाजुक बताई जा रही है.
लेनदेन का है विवाद
पुलिस के मुताबिक सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया है. जहां इनका उपचार चल रहा है. प्रारंभिक जांच में पैसों के लेनदेन का मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक एक पक्ष के अजब सिंह को गोली लगने के बाद अस्पताल ले जाया गया जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. वहीं दूसरे पक्ष के सोनू को अजब सिंह के लोगों ने अपनी गाड़ी से कुचल दिया. इससे उनकी भी मौत हो गई है.
DIG-ADG ने डाला डेरा
घटना की जानकारी मिलते ही बुलंदशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. वहीं मेरठ से एडीजी भानु भास्कर और डीआईजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी ने भी घटनास्थल पर डेरा डाल दिया है. दोनों अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आरोपियों की धरपकड़ के लिए दिशा निर्देश दिए. बुलंदशहर एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है.
गांव बना छावनी
वारदात के बाद पुलिस ने गांव में भारी संख्या में फोर्स की तैनाती कर दी है. वहीं आरोपियों की पहचान और धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई हैं. इन टीमों ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश तेज कर दी है. डीआईजी कलानिधि नैथानी के मुताबिक मामले की सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है. गांव में सुरक्षा व्यवस्था के चलते भारी पुलिस बल तैनात है और पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं.