डेढ़ महीने पहले हुई शादी, क्यों जल्लाद बन गया पति? पत्नी को मारकर दफना दिया शव
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में शादी के डेढ़ महीने बाद एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक पति ने दहेज प्रताड़ना के चलते अपनी नवविवाहिता पत्नी की हत्या कर शव को कमरे में दफना दिया. पुलिस ने शिकायत के आधार पर शव को बाहर निकालकर पति व अन्य ससुराल वालों को हिरासत में लिया है.
उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में रिश्तों के कत्ल की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां डुमरियागंज थाना क्षेत्र के चकमझारी गांव में एक युवक ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर शव को कमरे में दफन कर दिया था. इस युवक की डेढ़ महीने पहले ही शादी हुई थी. महिला के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं पति समेत अन्य आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है.
मंगलवार को सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने कमरे की फर्श खुदवाकर शव को बाहर निकलवाया. पुलिस में मृतका की मां ने तहरीर दी है. संतकबीरनगर के दुधारा थाना क्षेत्र में दसहवां गांव में रहने वाली सफीदुन्निशा पत्नी मजहर अली ने अपनी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी मुफीदुन (उम्र 20 साल) की शादी पिछले महीने एक जून को मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी. शादी के बाद वह अपने पति डुमरियागंज थाना क्षेत्र के चकमझारी गांव के रहने वाले नीबर उर्फ हसीबुल्लाह के पुत्र शमशेर अहमद के साथ ससुराल आ गई थी.
दहेज के लिए हत्या का आरोप
मृतका की मां ने बताया कि उनकी बेटी को ससुराल में दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था. कई बार उसके साथ मारपीट भी की गई. इसी बीच मंगलवार की सुबह उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी की हत्या कर शव को घर में ही दफन कर दिया गया है. इस सूचना पर वह मौके पर पहुंची और पुलिस को सूचित किया. मृतका की मां ने इस वारदात के लिए अपने दामाद शमशेर अहमद समेत अन्य ससुरालियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है.
क्या कहती है पुलिस?
डुमरियागंज थाना प्रभारी श्रीप्रकाश यादव के मुताबिक मृतका की मां की तहरीर पर पति और सास ससुर के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया है. वहीं शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. उधर, मृतका के चाचा मोहम्मद हुसैन ने बताया कि दामाद शमशेर ने चार दिन पहले उनकी भाभी को फोन किया था. बताया था कि उनकी बेटी कहीं भाग गई है. इस सूचना पर उन लोगों ने तलाश शुरू की. इसी बीच पता चला कि उनकी बेटी भागी नहीं, बल्कि आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी है.