चरित्र पर शक में पति बना हैवान, पत्नी की गला रेतकर हत्या, फिर घर पर ताला लगाकर हुआ फरार

बुलंदशहर में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है, जहां चरित्र पर शक और घरेलू कलह के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी पति घर पर ताला लगाकर फरार हो गया. पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की हैं.

*बुलंदशहर: चरित्र पर शक! पति ने की पत्नी की निर्मम हत्या Image Credit:

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के स्याना कोतवाली क्षेत्र के हाजीपुर गांव में रिश्तों को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है. चरित्र पर शक और घरेलू विवाद के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खून से लथपथ शव घर में छोड़कर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया.

जानकारी के अनुसार, हाजीपुर गांव में रहने वाले दंपती के बीच पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था. ग्रामीणों के मुताबिक, पति को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी. इसी विवाद ने शनिवार रात खौफनाक रूप ले लिया. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.

आरोपी ने वारदात के बाद चालाकी दिखाते हुए मकान के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया था, ताकि ग्रामीणों या परिजनों को वारदात का तुरंत पता न चले और उसे भागने का पर्याप्त समय मिल सके. ​घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई. सीओ स्याना समेत कई थानों का भारी पुलिस बल और पीएसी के जवान मौके पर पहुंचे.

पुलिस ने वारदात वाले स्थान को फौरन सील कर दिया और साक्ष्यों को सुरक्षित करने के लिए फील्ड यूनिट व फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को मौके पर बुलाया गया. जिन्होंने फिंगरप्रिंट्स और अन्य अहम वैज्ञानिक सबूत एकत्र किए हैं. ​साथ ही परिजनों की मौजूदगी में घर का ताला तोड़ा और भीतर से लहूलुहान अवस्था में पड़े मृतका के शव को बाहर निकाला.

SP सिटी अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि हाजीपुर गांव में महिला की हत्या की सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी. प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक कलह और शक से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है. फील्ड यूनिट द्वारा वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं और मृतका के परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि फरार आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित कर दी गई हैं. जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. आरोपी जल्द ही सलाखों के पीछे होगा. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुटी गई है.

रिपोर्ट /सुमित शर्मा बुलंदशहर

Follow Us