छठ पूजा के दिन UP में बदला मौसम, 10 जिलों में बारिश का अलर्ट; जानें अपने शहर का हाल
छठ पूजा के दौरान उत्तर प्रदेश के 10 जिलों में बारिश का अलर्ट है. IMD के अनुसार, आगरा सहित पश्चिमी UP के जिलों में आज गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है. हालांकि, छठ के बाद 28 अक्टूबर से मौसम साफ होने की उम्मीद है, लेकिन 30 अक्टूबर को पूरे प्रदेश में फिर बारिश की संभावना है. बंगाल की खाड़ी और अरब सागर के मौसमी तंत्रों के कारण यह बदलाव देखा जा रहा है.
घरों में छठ पूजा की तैयारियां पूरी हो गई हैं. आज शाम को व्रती छठ घाटों पर पहुंच कर भगवान भुवन भास्कर को रिझाते हुए उन्हें अर्घ्य देंगी. इसी बीच भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के 10 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. वहीं संभावना जताई है कि 28 अक्टूबर को छठ पूजा के बाद मौसम पूरी तरह से साफ हो जाएगा. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आगरा समेत 10 जिलों में गरज चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. हालांकि पूर्वांचल के हिस्से में मौसम शुष्क बना रहेगा.
आईएमडी लखनऊ के मुताबिक सोमवार यानी आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बुंदेलखंड के जिलों का मौसम बदल गया है. इनमें भी खासतौर पर आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया और जालौन के अलावा हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर आदि जिलों में बारिश होने की संभावना है. इस दौरान कई जगह बिजली कड़कने के भी आसार हैं. जबकि 28 अक्टूबर यानी मंगलवार को छठ पूजा के बाद पूरे प्रदेश में मौसम साफ हो जाएगा. 29 अक्टूबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तो मौसम साफ रहेगा, लेकिन पूर्वांचल के जिलों में बारिश की संभावना है.
30 अक्टूबर को पूरे प्रदेश में बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ की ताजा बुलेटिन के मुताबिक उत्तर प्रदेश में बारिश का दौरान इस महीने के आखिर तक जारी रहने वाला है. खासतौर पर 30 अक्टूबर को पूरे प्रदेश में बारिश होने की संभावना है. इस दौरान पूर्वांचल के जिलों में उत्तर पश्चिम दिशा से तेज हवाएं चल सकती है और बिजली कड़कने की भी आसार हैं. इस बारिश के साथ ही अक्टूबर का महीना भी खत्म हो जाएगा और बारिश का दौर भी. फिर नवंबर की शुरूआत से सर्दी अपना पैर पसार सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर पश्चिम दिशा से चलने वाली सर्द हवाओं का दौर जारी रहेगा.
इस लिए बदला मौसम
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक इस समय मौसम के मिजाज में बदलाव की बड़ी वजह बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बने दो अलग-अलग मौसमी तंत्र हैं. इन मौसमी तंत्रों की वजह से उत्तर प्रदेश में कहीं छिटपुट तो कहीं तेज बारिश की संभावना प्रबल हो गई है. उन्होंने बताया कि पूर्व-मध्य अरब सागर पर स्थित अवदाब की वजह से पश्चिमी मध्य प्रदेश तक फैली द्रोणी का असर साफ नजर आ रहा है. इससे निचले क्षोभमंडल में अरब सागर से नमी आ रही है. इन परिस्थितियों में 27 अक्टूबर को बुंदेलखंड क्षेत्र एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की स्थिति है.