PM मोदी पर अजय राय की अभद्र टिप्पणी, CM योगी बोले- ये मानसिक दिवालियापन
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने पीएम मोदी पर बेहद अभद्र टिप्पणी की है. इस बीच, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए इसे मानसिक दिवालियापन बताया. सीएम योगी ने यह भी कहा कि कांग्रेस अब देशवासियों से माफी मांगने लायक भी नहीं रही.
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में बहुत ही आपत्तिजनक टिप्पणी की. इसका वीडियो भी सामने आया है. वहीं, अब बीजेपी इसको लेकर कांग्रेश पर हमलावार है. मुख्यमंत्री योगी ने इस टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए इसे अक्षम्य बताया. साथ ही कहा कि कांग्रेस अब देशवासियों से माफी मांगने लायक भी नहीं रही.
सीएम योगी ने कहा, ‘पीएम मोदी के खिलाफ अभद्र और अक्षम्य टिप्पणी कांग्रेस के राजनीतिक कुसंस्कारों को प्रकट करती है. पहले कांग्रेस के ‘युवराज’ भी अपने कुसंस्कार का परिचय दे चुके हैं. कांग्रेस अब हताशा, निराशा, कुंठा और मानसिक दिवालियेपन के शीर्ष स्तर पर पहुंच चुकी है. अब देशवासियों से क्षमा मांगने लायक भी स्थिति उनकी नहीं रही है.’
PM मोदी के साथ महोबा एसपी को भी दी गाली
दरअसल, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय शुक्रवार को महोबा में गैंगरेप और अपहरण पीड़ित NEET छात्रा से मुलाकात करने पहुंचे थे. इस दौरान वापस जाते समय कार्यकर्ता से उन्होंने पीएम मोदी के बारे में यह अभद्र बात कही. अजय राय ने महोबा एसपी शशांक सिंह को भी गाली दी. उनकी यह पूरी बातचीत कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका अब वायरल है.
अजय राय का वीडियो सामने आने के बाद से बीजेपी कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखने को मिल रहा है और मुकदमा दर्ज करा कड़ी कार्यवाही करने की मांग की जा रही है. वहीं, बीजेपी के सोशल मीडिया हेड अमित मालवीय ने भी वीडियो एक्स पर पोस्ट करते हुए कांग्रेस पर हमला बोला है. साथ ही इसके कैप्शन में लिखा कि ‘यह कांग्रेस पार्टी का स्तर है.’
‘दुकान ‘मोहब्बत’ की और नीयत इतनी कड़वी?’
इसके अलावा, यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी एक्स पोस्ट के जरीए हमला बोला है. उन्होंने लिखा, ‘जब होने लगे अंत की आहट तो आने लगी शब्दों में गिरावट… देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री के प्रति यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की अभद्र टिप्पणी कांग्रेस की बौखलाहट, निराशा और राजनीतिक दिवालियेपन को दर्शाती है.’
उन्होंने आगे लिखा, ‘बीमार होने पर जिस प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक रूप से अजय राय के स्वस्थ होने की कामना की थी, आज उसी जनसेवक को ये अपशब्द कह रहे हैं. दुकान ‘मोहब्बत’ की और नीयत इतनी कड़वी? जब जनता के हित और राष्ट्र निर्माण के मुद्दों पर बोलने के लिए कुछ नहीं बचता, तब कांग्रेस के नेता मर्यादा भूलकर व्यक्तिगत टिप्पणी का सहारा लेते हैं.’