वाराणसी दौरे पर CM योगी, महिला पत्रकार और बटुकों से दुर्व्यवहार पर पुलिस को चेताया
मुख्यमंत्री योगी ने काशी विश्वनाथ धाम में महिला पत्रकार और श्रद्धालु से दुर्व्यवहार पर कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने पुलिस और मंदिर प्रशासन को अपने व्यवहार में सुधार लाने के निर्देश दिए. साथ ही सभी जिमों की जांच करने और महिलाओं के लिए अनिवार्य रूप से महिला जिम ट्रेनर रखने का आदेश दिया.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दो दिवसीय दौरे पर रविवार को वाराणसी पहुंचे. दौरे के पहले दिन सर्किट हाउस सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा किया. इस दौरान सीएम ने विशेष रूप से जोर देते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शनार्थियों के साथ पुलिस द्वारा दुर्व्यवहार की निंदा की. इसके लिए उन्होंने पुलिस एवं मंदिर प्रशासन को सुधार लाने के निर्देश दिए हैं.
शुक्रवार को रंग भरे एकादशी पर महिला पत्रकार के साथ पुलिस द्वारा दुर्व्यवहार का वीडियो वायरल हुआ था. इसपर पुलिस कमिश्नर ने एसीपी सुरक्षा अंजनी कुमार राय को हटा दिया था. पुलिस आयुक्त के आदेश पर उन्हें मुख्यालय भेजा गया है, दूसरी तरफ शनिवार को धाम परिसर में बटुक को पीटने के मामले में हेड कांस्टेबल को सुरक्षा पॉइंट से हटा दिया गया है.
‘मंदिर परिसर में दुर्व्यवस्था की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए’
आरोप है कि हेड कांस्टेबल संजय यादव की ड्यूटी मंदिर परिसर में लगी थी. उन्होंने भीड़ के बीच से निकल रहे बटुक को पीट दिया था. उसे दर्शन तक नहीं करने दिया गया. डीसीपी काशी गौरव बंशवाल ने बताया कि गाजीपुर से आए हेड कांस्टेबल संजय यादव के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखा जाएगा.
वहीं, सर्किट हाउस सभागार में समीक्षा के दौरान सीएम योगी कहा कि मंदिर परिसर में कहीं भी दुर्व्यवस्था की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए. उन्होंने पुलिस एवं मंदिर प्रशासन को व्यवस्था में उचित सुधार लाने के निर्देश दिए हैं. साथ ही दुकानों में सामग्रियों का रेट वाजिब रखने का कहा. सीएम ने कहा धार्मिक संस्थाएं पैसा कमाने का जरिया नहीं, श्रद्धा का स्थल हैं.
‘होली पर कोई भी नई परंपरा की अनुमति नहीं होगी’
सीएम योगी ने मैनपावर बढ़ाकर मणिकर्णिका एवं हरिश्चंद्र घाट के निर्माण कार्य में तेजी लाए जाने का निर्देश दिया. उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि घाटों एवं मंदिरों के पास निर्माण कार्य के दौरान किसी भी ऐतिहासिक धरोहर का प्रत्येक दशा में संरक्षण किया जाय. साथ ही मुख्यमंत्री ने आमजन के सहूलियत को देखते हुए रोप वे का तार्किक किराया रखने को कहा.
होली पर कानून व्यवस्था का कड़ाई से पालन करने का निर्देश देते हुए सीएम ने कहा कि त्यौहार पर कोई भी धार्मिक क्रिया कलाप धार्मिक स्थल परिसर में ही किया जाय. कोई भी नई परंपरा की अनुमति नहीं होगी. तीव्र आवाज वाले साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न का प्रयोग न हो, सड़कों को अतिक्रमण कर वाहन पार्क न हो, यह सुनिश्चित किया जाए.
जिमो में महिलाओं के लिए महिला ट्रेनर की व्यवस्था हो
सीएम योगी ने साथ ही कहा कि सभी जिमों की जांच कराए, यह सुनिश्चित कराया जाए कि जिमो में महिलाओं के लिए महिला ट्रेनर की व्यवस्था हो. मुख्यमंत्री ने कहा कि अवैध गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों पर कठोर कार्यवाही सुनिश्चित हो. साथ ही अवैध गतिविधियों में लिप्त पुलिस कर्मियों पर भी सख्त कार्यवाही हो. श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्था किया जाय.