यूपी के सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी चिराग पासवान की LJP, प्रदेश अध्यक्ष ने किया ऐलान
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में उतरने का बड़ा ऐलान किया है. पार्टी के पूर्वी यूपी अध्यक्ष ने कहा कि सभी 403 सीटों पर अकेले लड़ने की घोषणा की है. उनका दावा है कि 2027 में सत्ता की चाभी उनकी पार्टी LJP (रामविलास) के हाथों में रहेगी.
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अभी हलचल तेज है. इस बीच एनडीए गठबंधन में शामिल लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास पासवान) ने यूपी चुनाव में अकेले उतरने का ऐलान कर दिया है. पूर्वी यूपी प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासवान ने 2027 चुनाव में प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अकेले दम पर प्रत्याशी उतारने का शंखनाद किया है.
लोजपा (रामविलास) के पूर्वी यूपी प्रदेश अध्यक्ष राजीव पासवान ने कहा है कि केंद्र में उनकी पार्टी का गठबंधन बीजेपी से है, लेकिन प्रदेश में कोई गठबंधन नहीं है. लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास यूपी फर्स्ट यूपी वाले फर्स्ट के मिशन को लेकर विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है. उनका दावा है कि 2027 में सत्ता की चाभी उनकी पार्टी के हाथों में रहेगी.
वाराणसी-प्रयागराज MLC सीटों पर भी उतारेंगे प्रत्याशी
राजीव पासवान ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले उनकी पार्टी वाराणसी और प्रयागराज की विधान परिषद स्नातक सीटों पर अपने प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारने जा रही है. वाराणसी से कायस्थ समाज और इलाहाबाद-झांसी सीट से क्षत्रिय समाज का प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारने जा रही है. दोनों ही एमएलसी सीटें सपा के खाते से छीनकर जीत दर्ज करेगी.
उन्होंने कहा है कि यूपी में लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास का मजबूत जनाधार है और बगैर उनकी पार्टी के कोई भी रानीतिक दल यूपी में सरकार नहीं बना पाएगा. 2027 में सत्ता की चाभी लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के हाथों में रहेगी. इस दौरान राजीव पासवान ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा और गुमराह करने का आरोप लगाया.
‘अखिलेश यादव वंचित समाज को गुमराह कर रहे हैं’
राजीव पासवान ने कहा है कि पीडीए के नाम पर अखिलेश यादव वंचित समाज को गुमराह करने का काम कर रहे हैं. जहां पर भी दलितों के साथ उत्पीड़न होता है वह खड़े नहीं होते हैं. लेकिन जब दलित के वोट की बात आती है, तो उन्हें पीडीए याद आता है. लोजपा दलितों के मसीहा रामविलास पासवान के कार्यों को लेकर गांव और गरीब के बीच जा रही है और लोगों का अच्छा जन समर्थन भी मिल रहा है.
रिपोर्ट- मनीष वर्मा, टीवी9