देवरिया में ऐसी शादी… फावड़े की जगह JCB से मटकोर की रस्म, वायरल हुआ Video
उत्तर प्रदेश के देवरिया में एक शादी समारोह का वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जहां मटकोर की पारंपरिक रस्म में फावड़े की जगह जेसीबी का इस्तेमाल किया गया. यह अनोखा आयोजन उमेश गुप्ता की बेटी की शादी में हुआ. परिवार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बुलडोजर अभियान से प्रभावित था, जिसके चलते उन्होंने इसे अपने कार्यक्रम में शामिल किया.
उत्तर प्रदेश वाले वैसे तो हमेशा कुछ अनोखा करते ही हैं, लेकिन देवरिया में कुछ अनोखा के चक्कर में लोगों ने हद पार कर दी. यहां एक लड़की का शादी समारोह का आयोजन हुआ. बारात आने से पहले परंपरा के मुताबिक मटकोर की रस्म हुई. इसमें फावड़े से मिट्टी खोदने के बजाय जेसीबी ही लगा दिया गया. इस घटना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया में अब खब वायरल हो रही हैं.
सोशल मीडिया में वायरल हो रहे इस वीडियो का TV9UP टीम ने पड़ताल कराई तो वीडियो सटीक पायी गई. पता चला कि इस तरह से मटकोर की रस्म देवरिया के सदर कोतवाली थाना क्षेत्र में इजरही गांव के रहने वाले उमेश गुप्ता की बेटी की शादी का है. चार दिन पहले 29 नवंबर को ही यह शादी बड़े धूमधाम से संपन्न हुई है. वीडियो भी इस कार्यक्रम में शामिल लोगों ने बनाया है.
ऐसे हुआ मटकोर
जानकारी के मुताबिक बारात आने के एक दिन पहले लड़की के हल्दी-मटकोर का कार्यक्रम रखा गया था. इसके लिए परंपरा के मुताबिक पूरे गांव की महिलाओं को आमंत्रित किया गया था. तय समय पर सभी महिलाएं मटकोर की रस्म के लिए गांव के बाहर खेत में पहुंची. इसी दौरान वहां जेसीबी भी आ गई. इस रस्म में शामिल महिलाओं को पहले तो समझ में नहीं आया, लेकिन बाद में पता चला कि यह जेसीबी इसी रस्म के लिए बुलाई गई है. फिर फावड़े से मिट्टी खोदने के बजाय इस जेसीबी से ही मिट्टी खोदकर रस्म को पूरा किया गया.
यूपी में लोकप्रिय हो रहा बुलडोजर
बताया जा रहा है कि लड़की का परिवार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से काफी प्रभावित है. इस लिए इस परिवार ने शादी समारोह में ही बुलडोजर को प्रतीक के तौर पर इस्तेमाल करते हुए अपने कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को शरीक करने की कोशिश की है. उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में गुंडो बदमाशों के खिलाफ बुलडोजर की कार्रवाई खूब हो रही है. यूपी का बुलडोजर इतना लोकप्रिय हो चुका है कि अब बिहार, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत कई अन्य राज्यों में भी इस्तेमाल होने लगा है.