UP में अब बढ़ने लगा है तापमान, लेकिन इस तारीख को बरस सकते हैं बादल, जाने अपने शहर के मौसम का हाल
यूपी में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में इजाफा हुआ है. ऐसा लग रहा है मानों ठंड की विदाई हो चुकी है. हालांकि, सुबह के वक्त जरूर कोहरा नजर आ रहा है. लेकिन 9 बजते-बजते यह पूरी तरह से छंट जा रहा है. फिलहाल उत्तर प्रदेश में मौसम ग्रीन जोन की स्थिति में है.
उत्तर प्रदेश में ठंड की विदाई होने वाली है. प्रदेश में सुबह-सुबह भले कोहरा आ रहा है, लेकिन गलन में भारी कमी आई है. मौसम विभाग की मानें तो अगले 3 दिनों में प्रदेश के अलग अलग जिलो में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आएगा. फिलहाल, प्रदेश के सभी 75 जिले ग्रीन जोन की स्थिति में हैं.
मौसम विभाग ने यूपी के 24 जिलों में सुबह-सुबह घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है. हालांकि, यह कोहरा 9 बजे के बाद पूरी तरह से गायब हो जाएगा. इस दौरान अधिकांश शहरों में सुबह और शाम के वक्त हल्की-हल्की ठंड बनी रहेगी. हालांकि, ये ठंडक भी अगले एक-दो हफ्ते में पूरी तरह से गायब हो सकती है.
इन जिलों में घने कोहरे की अलर्ट
आईएमडी ने गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, बरेली, पीलीभीत, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, संत कबीर नगर, बस्ती, गोंडा, सीतापुर, बाराबंकी, अंबेडकर नगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर और शाहजहांपुर समेत कई जिलों में सुबह के वक्त घना कोहरे का अलर्ट जारी किया है.
तेज हवाएं, हल्की से मध्यम बारिश की आशंका
फिलहाल, पहाड़ों पर एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है. इसके चलते हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है. अगले एक दो दिन में इसका असर यूपी पर भी पड़ सकता है, जिसके चलते तेज हवाएं,हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इसके चलते तापमान में मामली गिरावट आ सकती है.
शाहजहांपुर रहा सबसे ठंडा जिला
यूपी में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में इजाफा हुआ है. सबसे ठंडा जिला शाहजहांपुर रहा. यहां 6.6 डिग्री न्यूनतम तापमान पाया गया. फिर अयोध्या में 7.5, गोरखपुर और बरेली में 7.8 और बाराबंकी में 8 डिग्री मिनिमम टेंपरेचर रिकॉर्ड किया गया.वहीं, अधिकतम तापमान की बात करें तो बांदा में 28.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. फिर वाराणसी में 28.5, झांसी में 28.4, प्रयागराज में 27.5 और हमीरपुर में 27.2 रिकॉर्ड किया गया.