UP के ये 6 प्रत्याशी तीन साल तक नहीं लड़ सकेंगे चुनाव, इलेक्शन कमीशन ने क्यों लिया ऐसा सख्त फैसला?
विधानसभा चुनाव 2022 का इलेक्शन लड़ने वाले 6 प्रत्याशियों को चुनाव आयोग ने अगले 3 साल तक इलेक्शन लड़ने के लिए अयोग्य घोषित कर दिया है. इन तीनों पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम का उल्लंघन करने का मामला था. आयोग की तरफ से इनसे स्पष्टीकरण भी मांगा गया था. लेकिन प्रत्याशियों ने आयोग को स्पष्टीकरण भी नहीं भेजा, जिसके बाद इलेक्शन कमीशन ने ये सख्त फैसला लिया है.
यूपी विधानसभा 2022 का चुनाव लड़ चुके 6 प्रत्याशियों को चुनाव आयोग ने अयोग्य घोषित कर दिया है. ये प्रत्याशी अब 25 फरवरी से अगले 3 साल तक लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा या विधान परिषद का कोई भी चुनाव नहीं लड़ सकेंगे. इन प्रत्याशियों ने निर्वाचन व्यय का लेखा-जोखा जमा नहीं किया था. ऐसे में चुनाव आयोग ने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 10क के तहत उनपर यह सख्त कार्रवाई की है.
निर्वाचन व्यय का लेखा-जोखा नहीं किया था जमा
जिन 6 प्रत्याशियों पर कार्रवाई की गई है, उनसे चुनाव आयोग ने इलेक्शन रिजल्ट घोषित होने के 30 दिनों के अंदर अपना निर्वाचन व्यय का लेखा-जोखा सभी वाउचर सहित जिला निर्वाचन अधिकारी के पास निर्धारित प्रारूप में जमा करने को कहा था. लेकिन इन्होंने ऐसा नहीं किया. आयोग की तरफ से प्रत्याशियों को नोटिस जारी करने के बाद भी इसको लेकर कोई स्पष्टीकरण या कारण नहीं दिया. ऐसे में आयोग ने नियमों के मुताबिक इन 6 प्रत्याशियों अयोग्य घोषित कर दिया.
लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 78 के मुताबिक चुनाव परिणाम की घोषणा के 30 दिनों के अंदर सभी प्रत्याशियों को अपने खर्च का पूरा ब्यौरा संबंधित दस्तावेजों के साथ जमा करना होता है. अगर कोई भी प्रत्याशी आयोग की इस निर्देश का पालन नहीं करता है तो उसे धारा 10क के तहत अयोग्यता की सजा दी जाती है.
अयोग्य घोषित प्रत्याशियों की लिस्ट
- 112-बिसौली विधानसभा क्षेत्र से प्रज्ञा यशोदा, ग्राम पिसनहारी, पोस्ट मुडिया धुरेकी, तहसील बिसौली, जिला बदायूं.
- 112-बिसौली विधानसभा क्षेत्र से सुरेन्द्र, ग्राम लभारी, पोस्ट नगरा बारह, तहसील बिसौली, जिला बदायूं.
- 113-सहसवान विधानसभा क्षेत्र से अनिल कुमार, 23क आजाद रोड, चन्दौसी, जिला सम्भल.
- 116-शेखूपुर विधानसभा क्षेत्र से ममता देवी, ग्राम व पोस्ट सराय पिपरिया, तहसील दातागंज, जिला बदायूं.
- 117-दातागंज विधानसभा क्षेत्र से ओमवीर, ग्राम खजुरारा पुख्ता, तहसील व जिला बदायूं.
- 117-दातागंज विधानसभा क्षेत्र से मुन्ना लाल, 16/1 हसनपुर खेवली, पोस्ट हसनपुर खेवली, जिला लखनऊ.
यूपी मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा क्या बताया?
उत्तर प्रदेश मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि विधानसभा चुनाव 2022 का इलेक्शन लड़ने वाले 6 प्रत्याशियों ने अपने निर्वाचन व्यय का लेखा-जोखा दाखिल नहीं किया था. ऐसे में भारत निर्वाचन आयोग ने इन 6 प्रत्याशियों को चुनाव लड़ने अयोग्य घोषित कर दिया है. इसको लेकर प्रत्याशियों को नोटिस भी जारी किया था. लेकिन कोई कारण और स्पष्टीकरण ना आने के बाद केंद्र निर्वाचन आयोग ने यह फैसला लिया है.