ऑयल मिल में सैंपलिंग करने पहुंची खाद्य सुरक्षा टीम पर हमला, जान बचाकर भागे अफसर; फिर पहुंची पुलिस

इटावा में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम पर सैंपलिंग के दौरान हमले का मामला सामने आया है. रामलीला रोड स्थित बीआर ऑयल मिल पर प्रतिबंधित पाम ऑयल की जांच करने पहुंची टीम पर व्यापारी ने मारपीट की. पुलिस और डीएम के हस्तक्षेप के बाद भारी सुरक्षा में सैंपलिंग पूरी हुई. व्यापारी ने विभाग पर उत्पीड़न और रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है, जबकि टीम ने सरकारी कार्य में बाधा डालने का केस दर्ज करने की मांग की है.

इटावा में फूड सेफ्टी टीम पर हमला Image Credit:

उत्तर प्रदेश के इटावा में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम पर हमले का मामला सामने आया है. यह टीम शहर के रामलीला रोड स्थित पॉम ऑयल के थोक व्यापारी के प्रतिष्ठान पर सैंपलिंग करने पहुंची थी. इस दौरान व्यापारी और टीम के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट की नौबत आ गई. ऐसे में खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी बड़ी मुश्किल से भागकर कोतवाली पहुंचे. फिर डीएम के आदेश पर भारी सुरक्षा के बीच सैंपलिंग की कार्रवाई हुई.

जानकारी के मुताबिक खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम बुधवार की दोपहर करीब साढ़े 12 बजे रामलीला रोड स्थित बीआर ऑयल मिल पहुंची थी. विभाग को सूचना मिली थी कि यहां प्रतिबंधित ऑयल की पैकिंग और बिक्री हो रही है. टीम ने जैसे ही यहां जांच शुरू की, दुकानदार और उसके साथियों ने विरोध शुरू कर दिया. इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया. आरोप है कि दुकानदार अंकुर अग्रवाल ने अपने भाई शरद, गौरव और अन्य व्यापारियों को मौके पर बुला लिया. इसके बाद इन लोगों ने टीम को घेर कर मारपीट की.

भारी सुरक्षा में कराई सैंपलिंग

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने हालात को संभाला. आरोप है कि दुकानदार और उनके लोगों ने पुलिस की मौजूदगी में भी टीम पर हमला किया और धक्के मारकर दुकान से बाहर कर दिया. सूचना मिलने पर डीएम ने सिटी मजिस्ट्रेट राजेंद्र बहादुर और एसडीएम विक्रम सिंह राघव को भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर भेजकर सैंपलिंग कराई. इस दौरान गोदाम में मौजूद खाद्य तेल के सैंपल लेकर सोया ऑयल के टैंकों को सीज कर दिया गया.

व्यापारियों ने लगाए उत्पीड़न के आरोप

उधर, व्यापारी अंकुर अग्रवाल ने विभाग पर गंभीर आरोप लगाए. कहा कि उनके यहां कई बार छापेमारी की जा चुकी है. फर्जी शिकायतों के आधार पर कार्रवाई होती है. उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग के अधिकारी रिश्वत मांगते हैं और उनके पास इसकी रिकॉर्डिंग भी है. व्यापारी नेता अनंत अग्रवाल ने भी उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए मामले को उच्च स्तर तक ले जाने की बात कही. इसी दौरान एक एक व्यापारी के भाई ने पुलिस के सामने पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह की भी कोशिश की.

थाने में दी तहरीर

घटना के बाद खाद्य विभाग के सहायक आयुक्त राजेश कुमार द्विवेदी ने डीएम को पत्र लिखकर आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, धमकी और मारपीट करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है. उनका कहना है कि इस घटना से विभाग के कर्मचारियों में भय का माहौल है. वहीं सीओ सिटी अभय नारायण राय ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायत मिली है. इन शिकायतों की जांच कराई जाएगी, जो भी तथ्य सामने आएगा, उसके मुताबिक कार्रवाई होगी.

Follow Us