दहेज में नहीं मिल रही थी बुलेट, बारात निकलने से पहले फरार हो गया दूल्हा; थाने पहुंचा केस

हरदोई में बुलेट बाइक दहेज में न मिलने पर एक दूल्हा बारात निकलने से पहले फरार हो गया. दुल्हन पक्ष ने शादी की तैयारियों पर लाखों रुपये खर्च किए थे, जो दूल्हे के भागने से बर्बाद हो गए. पीड़ित पिता की शिकायत पर पुलिस ने दूल्हे समेत 7 लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. यह घटना दहेज प्रथा के गंभीर परिणामों को दर्शाती है.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश के हरदोई में दहेज के लिए शादी तोड़ने का हैरतंगेज मामला सामने आया है. यहां एक युवक दहेज में बुलेट बाइक की मांग की थी. जब उसकी मांग पूरी नहीं हुई तो बारात निकलने से पहले वह फरार हो गया. इधर, जब दुल्हन के घर समय से बारात नहीं पहुंची तो बवाल मच गया. इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है. मामला सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र का है. यह फिल्मी कहानी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.

जानकारी के मुताबिक हरदोई जिले के सवायजपुर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली एक लड़की की शादी तय हुई थी. दुल्हन के पिता ने बताया कि उसने अपनी बेटी की शादी गंगा पार बसे फर्रुखाबाद के गांव जिराऊ में रहने वाले आकाश सिंह से तय हुई थी. बारात के पहले बरीक्षा, गोद भराई, तिलक आदि में उन्होंने करीब 10 लाख रूपये से अधिक खर्च किए थे. बारात के लिए भी बेहतरीन गेस्ट हाउस बुक किया था. इसके लिए ₹300000 एडवांस दे दिया था.

नहीं आई बारात

घर में खुशी का माहौल था, सभी बारात का इंतजार कर रहे थे. घर से लेकर गेस्ट हाउस तक सब कुछ जगमगा रहा था. हलवाइयों ने खाने की पूरी व्यवस्था कर ली थी. वहीं जब रात के 10 बजाते तक बारात नहीं आई तो दूल्हे के घरवालों को फोन किया. इसमें पता चला कि दूल्हा फरार हो गया है. दूल्हे के पिता इंद्रपाल ने फोन पर बताया कि दूल्हा बुलेट की मांग ना पूरी होने पर घर से कहीं चला गया है. यह सुनने के बाद दुल्हन के पिता परेशान हो गए. आखिर में मामले की शिकायत पुलिस को दी गई.

दूल्हा समेत 7 पर एफआईआर

हरदोई पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के मुताबिक बारात ना आने और दहेज मांगने की शिकातय मिली है. पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने समधी इंद्रपाल, सास प्रविता, विशाल, विवेक, राजकुमार सहित 7 लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके मुताबिक आगे की कार्रवाई होगी.

Follow Us