इटावा: लोको पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा रेल हादसा, ट्रैक पर लेटी युवती को मौत के मुंह से निकाला

इटावा में लोको पायलट की असाधारण सूझबूझ ने एक बड़ा रेल हादसा टाल दिया. एक युवती रेल पटरी पर लेटी थी, तभी तेज रफ्तार ट्रेन आ रही थी. लोको पायलट ने समय रहते इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी और युवती की जान बचा ली. पुलिस ने युवती को सुरक्षित हटाकर अस्पताल पहुंचाया है.

इटावा: लोको पायलट की सूझबूझ ने बचाई युवती की जान Image Credit:

उत्तर प्रदेश इटावा में एक बेहद गंभीर घटना सामने आई, जहां एक युवती ने रेलवे ट्रैक पर लेटकर अपनी जान देने की कोशिश की. सामने से तेज रफ्तार ट्रेन आ रही थी, लेकिन लोको पायलट की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया. ट्रेन युवती के बिल्कुल पास आकर रुक गई. करीब 15 मिनट तक युवती ट्रैक पर पड़ी रही, बाद में पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया.

यह घटना शनिवार रात करीब 9 बजे इटावा रेलवे स्टेशन के पास फर्रुखाबाद रेलवे ओवरब्रिज के नीचे हुई. दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर अचानक एक 20 वर्षीय युवती आकर ट्रैक पर लेट गई. उसी समय उस ट्रैक पर एक तेज रफ्तार ट्रेन आ रही थी, जिससे किसी भी पल बड़ा हादसा हो सकता था. मौके पर मौजूद लोग युवती की इस हरकत पर हैरान थे.

थोड़ी भी देर की होती, तो बड़ा हादसा हो जाता

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती काफी देर तक ट्रैक पर लेटी रही और उसने वहां से हटने की कोई कोशिश नहीं की. इस दौरान आसपास के लोगों में घबराहट फैल गई और सभी की नजरें आने वाली ट्रेन पर टिक गईं. जैसे ही ट्रेन के लोको पायलट की नजर ट्रैक पर लेटी युवती पर पड़ी, उसने तुरंत स्थिति को भांप लिया और सूझबूझ से बड़ा हादसा टाल दिया.

ट्रेन के लोको पायलट ने बिना देर किए इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए, जिससे ट्रेन की रफ्तार तेजी से कम हुई और आखिरकार ट्रेन युवती के बेहद करीब आकर रुक गई. अगर लोको पायलट ने थोड़ी भी देर की होती, तो यह घटना एक दर्दनाक हादसे में बदल सकती थी. लोको पायलट की सूझबूझ और त्वरित निर्णय ने एक बड़ी अनहोनी को होते-होते टाल दिया.

ट्रैक पर 15 मिनट तक बनी रही तनावपूर्ण स्थिति

हैरानी की बात यह रही कि ट्रेन रुकने के बाद भी युवती ट्रैक से हटने को तैयार नहीं हुई. करीब 15 मिनट तक वह वहीं लेटी रही, जिससे मौके पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा. लोको पायलट ने तुरंत इसकी सूचना रेलवे अधिकारियों को दी. आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और युवती को काफी मशक्कत के बाद ट्रैक से हटाया जा सका.

बताया जा रहा है कि युवती पहले से ही घायल थी और उसके सिर से खून बह रहा था. मौके पर मौजूद पुलिस और रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत उसे एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है. फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है. युवती की पहचान और आत्मघाती कदम की असली वजह का पता लगा रही है.

Follow Us