‘खेला खत्म, अब विकास शुरू’, बंगाल चुनाव में CM योगी की एंट्री, कहा-TMC गुंडों के लिए BJP जरूरी
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की एंट्री हो चुकी है. उन्होंने TMC पर 'तुष्टीकरण, माफियाराज और कटमनी' का आरोप लगाते कहा कि अब खेला बंद और विकास शुरू होगा. सीएम योगी ने कहा कि राज्य को कल्चरल कैपिटल से 'क्राइम कैपिटल' बना दिया गया है.
पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव के मैदान में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एंट्री मारी है. उन्होंने ऱविवार को बंगाल में तीन चुनावी सभा को संबोधित करते सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पार्टी (TMC) पर जमकर प्रहार किया. साथ ही आध्यात्मिक प्रतीकों के अनादर और बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार को लेकर ममता सरकार पर सवाल उठाए.
मुख्यमंत्री योगी ने बंगाल के बांकुड़ा और पुरबा मेदिनीपुर जिले में दो जनसभाओं को संबोधित किया. उन्होंने लोगों से राज्य में ‘‘डबल इंजन’’ की सरकार के लिए वोट करने का आग्रह किया. सीएम योगी ने ‘खेला बंद, विकास शुरू’ का नारा देते हुए ‘डबल इंजन सरकार’ से सुशासन और राज्य की पहचान की रक्षा का आश्वासन दिया. साथ ही TMC का नया नाम भी रखा.
बंगाल अब ‘गुंडागर्दी’ का अड्डा बन गया है- CM योगी
बांकुड़ा जिले के सोनामुखी में एक रैली को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि बंगाल को स्वामी विवेकानंद और रामकृष्ण की भूमि के रूप में जाना जाता है, जिन्होंने देश की आध्यात्मिक खोज को समृद्ध किया. लेकिन TMC सरकार विश्व स्तर पर पूजनीय आध्यात्मिक प्रतीकों का अनादर करती है, जिससे राज्य की हिंदू पहचान को खतरा पैदा होता है.
उन्होंने कहा, ‘‘बंगाल अब ‘गुंडागर्दी’ का अड्डा बन गया है, जो उत्तर प्रदेश में बीजेपी के सत्ता में आने से पहले आम बात थी. उत्तर प्रदेश में विकास और प्रगति की कमी थी, लेकिन अब बदलाव देखिए. यूपी में तुष्टीकरण नहीं बल्कि ‘‘समावेशी हिंदू धर्म’’ है, जहां हर समुदाय सुरक्षित वातावरण में शांतिपूर्वक रह सकता है. डबल इंजन की समावेशी शासन व्यवस्था स्थापित है.
TMC और वामपंथी गुंडों के उपचार के लिए BJP आवश्यक
सीएम योगी ने कहा, ‘उत्तर प्रदेश में सभी माफियाओं के साथ बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपनाते हुए वही बर्ताव किया गया है जिसके वे काबिल थे. अब पश्चिम बंगाल में भी बीजेपी सरकार बनेगी और अत्याचार, बलात्कार, हत्याएं अतीत की बातें हो जाएंगी. TMC और वामपंथी गुंडों के उपचार के लिए बीजेपी आवश्यक है, डबल इंजन सरकार आवश्यक है.’
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की आलोचना करते हुए उन्होंने दावा किया कि वह ‘पड़ोसी बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं की हत्याओं पर चुप रहीं जबकि बीजेपी नेताओं ने ऐसे हमलों की निंदा करते हुए बयान जारी किए. उन्होंने कहा, ‘बीजेपी के कई कार्यकर्ताओं की हत्या कर दी गई और TMC के गुंडों ने उनके हाथ काट दिए. इनसे उचित तरीके से निपटा जाएगा.’
बहनों-बेटियों से खिलवाड़ करेगा, तो बुलडोजर जवाब देगा
आदित्यनाथ ने आभार नंदकुमार विधान सभा में चुनावी रैली के दौरान कहा कि, ‘जो कहते हैं कि बंगाल में उर्दू बोली जाएगी, उनसे कह दो- उर्दू जहां बोली जाती वहां जाएं, बंगाल में बांग्ला ही बोली जाएगी. TMC बांग्ला भाषा समाप्त करना चाहती है, बंगाल को समाप्त करना चाहती है, इस साजिश को सफल नहीं होने देना है.’
उन्होंने कहा कि दावा किया कि ‘ मालदा, मुर्शिदाबाद, दिनाजपुर, नादिया, बीरभूम, हावड़ा जैसे कई ऐसे जनपद हैं जहां ‘हिंदू शून्य’ करने का षड्यंत्र हो रहा है.’ साथ ही कहा कि बीजेपी राज्य की पहचान की रक्षा करेगी, बंगाल की कला-संस्कृति और अध्यात्म के साथ, बहनों-बेटियों और नौजवानों के साथ जो खिलवाड़ करेगा, ‘बुलडोजर’ उसको जवाब देगा.