इटावा में पुलिस टीम पर फायरिंग, जवाबी हमले में दो हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार; दोनों के पैर में लगी गोली

इटावा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें दो हिस्ट्रीशीटर घायल होकर गिरफ्तार हुए हैं. चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी. दोनों तरफ से फायरिंग हुई, जिसमें दो आरोपियों के पैर में गोली लगी. जबकि, दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है.

इटावा पुलिस मुठभेड़ में दो हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार Image Credit:

इटावा के बकेवर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ की घटना सामने आई है. चेकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी. इस दौरान दोनों तरफ से फायरिंग हुई, जिसमें पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया.

जानकारी के मुताबिक, बकेवर थाना पुलिस नगला बरी विशुनामई तिराहे पर वाहनों की जांच कर रही थी. इसी दौरान दो बाइक पर चार युवक आते दिखाई दिए. पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगे. इसके बाद पुलिस ने दूसरी टीम को सूचना दी और लुधियानी मार्ग पर चारों आरोपियों को घेरा लिया.

एक के दोनों पैरों में, दूसरे के एक पैर में लगी गोली

लुधियानी मार्ग पर दोनों तरफ से घिरने के बाद आरोपियों ने फिर पुलिस टीम पर गोली चलाई. जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें सागर उर्फ शिवम और मोनू घायल हो गए. एक आरोपी के दोनों पैरों में और दूसरे आरोपी के एक पैर में गोली लगी. इसके बाद पुलिस ने दोनों को घायल हालत में पकड़ लिया. जबकि दो अन्य बदमाश मौके से फरार होने में सफल रहे.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर उर्फ शिवम और मोनू निवासी गिहार नगर कॉलोनी भरथना के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक सागर पर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं और वह हिस्ट्रीशीटर भी है. पुलिस ने आरोपियों के पास से 20 ग्राम गला हुआ सोना, 200 ग्राम गली हुई चांदी, छह हजार रुपये नकद, दो तमंचे, कारतूस और चोरी करने के औजार बरामद किए हैं.

पूछताछ में आरोपियों ने कई चोरी की घटनाएं कबूली

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कई चोरी की घटनाएं कबूल कीं. उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले बकेवर क्षेत्र के एक बंद मकान से सोने-चांदी के जेवर चोरी किए थे. इसके अलावा बिजौली फ्लाईओवर के पास एक घर से नकदी भी चोरी की थी. वहीं, मामले में थाना बकेवर में मुकदमा दर्ज किया गया है. साथ ही पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है.

Follow Us