बेइज्जती बनी मौत की वजह? फिरोजाबाद में दलित छात्र की आत्महत्या से हड़कंप, सुसाइड नोट ने खोले कई राज
फिरोजाबाद में एक दलित छात्र की संदिग्ध आत्महत्या से सनसनी फैल गई है. उसके सुसाइड नोट में दो युवकों पर मारपीट, बेइज्जती और मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप है. परिजनों के अनुसार, अपमान और तनाव के कारण छात्र ने यह कदम उठाया. पुलिस ने सुसाइड नोट कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
फिरोजाबाद में एक बेहद संवेदनशील और सनसनीखेज मामला सामने आया है. शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के नंगला विलोटिया गांव में एक दलित छात्र की संदिग्ध आत्महत्या के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच है. मृतक के पास से मिले कथित सुसाइड नोट में दो युवकों पर मारपीट, बेइज्जती और मानसिक प्रताड़ना जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं.
परिजनों के मुताबिक, युवक एक युवती का पता पूछने के लिए एक घर तक गया था. आरोप है कि उसी शाम दो युवक उसके घर पहुंचे और उसे अपने साथ ले गए, जहां उसके साथ कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट की गई, जिसमें छात्र के हाथ टूट गई. परिजनों का दावा है कि इसी अपमान और तनाव से आहत होकर छात्र ने यह आत्मघाती कदम उठाया.
आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
परिजानों के मुताबिक, मृतक युवक के साथ इतनी बेरहमी हुई कि उसके हाथ की हड्डी तक टूट गई. यही नहीं, आरोपियों द्वारा उसका मोबाइल फोन चेक करने और कुछ सामग्री डिलीट कराने की बात भी सामने आ रही है. बताया जा रहा है कि युवक ने अपने सुसाइड नोट में भी अपने साथ हुए बेइज्जती, दबाव और मानसिक उत्पीड़न का जिक्र किया है.
वहीं, इस घटना के बाद युवक की संदिग्ध आत्महत्या से गांव में भारी आक्रोश है, जबकि परिवार नामजद आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही सुसाइड नोट समेत अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. वहीं, वरिष्ठ अधिकारी भी मामले की निगरानी कर रहे हैं.
मृतक बीएससी छात्र, घर में फंदे से लटका मिला
पुलिस अधिकारियों के मुताबकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच, कॉल डिटेल और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की गहन पड़ताल की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. बताया जा रहा है कि मृतक युवक (18 वर्षीय) बीएससी का छात्र था. युवक का शव उसके घर में ही फंदे से लटका पाया गया था.