हाथ-पैर बांधकर काटे बाल, फिर आंखों में डाला पेट्रोल; इतनी सी बात पर पति ने की हैवानियत

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में पति ने पत्नी पर बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं. चरित्र पर शक के चलते पति योगेश ने अपनी पत्नी के हाथ-पैर बांधकर बुरी तरह पीटा, बाल काटे और आंखों में पेट्रोल डाल दिया. यही नहीं, आरोपी ने उसे बेहोशी की हालत में सड़क किनारे फेंक दिया. इस भयावह घरेलू हिंसा मामले में पुलिस ने पति समेत सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

मामले की जांच करती फिरोजाबाद पुलिस Image Credit:

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में इंसानियत और पति-पत्नी के पवित्र रिश्ते को तार-तार कर देने वाली खबर आई है. यहां एक युवक ने अपनी पत्नी के हाथ-पांव बांधकर बाल काट दिए. फिर उसकी आंखों में पेट्रोल डाल दिया. यहीं नहीं, घायलावस्था में ही आरोपी पत्नी को सड़क के किनारे फेंककर फरार हो गया. सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों और पुलिस ने पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया. वहीं इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर पति समेत सात लोगों को अरेस्ट किया गया है.

मामला फिरोजाबाद के हतौली गांव का है. एटा के वैश्य खेरिया गांव में रहने वाले पीड़िता के भाई लवकुश ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि उसकी बहन की शादी चार साल पहले हतौली गांव में रहने वाले योगेश के साथ हुई थी. योगेश को किसी गलतफहमी की वजह से अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था. इसके चलते आए दिन वह वह पत्नी के साथ मारपीट करता था. इसी क्रम में आरोपी ने 15 मार्च को क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं. लवकुश ने बताया कि आरोपी ने पहले पूजा के हाथ-पैर बांध दिए और उसके साथ बुरी तरह से मारपीट की.

4 घंटे किया प्रताड़ित

इससे भी मन नहीं भरा तो आरोपी ने पत्नी की आंखों में पेट्रोल डाल दिया और करीब चार घंटे तक उसे तड़पते हुए देखता रहा. इसी दौरान आरोपी ने पत्नी के बाल भी काट दिए. लवकुश के मुताबिक आरोपी जब उसकी बहन को प्रताड़ित कर रहा था कि उसके परिजन भी वहीं मौजूद थे. आरोप है कि इन लोगों ने भी उसकी बहन को प्रताड़ित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी. इसके बाद आरोपियों ने रात के अंधेरे में उसकी बहन को उठाकर गांव से करीब एक किमी दूर सड़क के किनारे फेंक दिया.

16 मार्च को हुआ खुलासा

लवकुश ने पुलिस को बताया कि अगले दिन 16 मार्च की शाम करीब 6:30 बजे उसकी बहन बेहोशी की हालत में मिली. स्थानीय लोगों ने उसे सड़क के किनारे इस हाल में पड़े देखकर उन्हें और पुलिस को सूचना दी. इसके बाद मौके पर पहुंचकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां होश में आने पर पीड़िता ने पूरा घटनाक्रम बयां किया है. इस शिकायत और पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने पति समेत 7 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Follow Us