बंधक बनाकर NEET स्टूडेंट से गैंगरेप, सिगरेट से दागा प्राइवेट पार्ट; दिल दहला देगी हैवानियत भरी दास्तां
उत्तर प्रदेश के महोबा में नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा को अगवा कर 16 दिनों तक बंधक बनाकर गैंगरेप किया गया. आरोपियों ने उसे नशीले इंजेक्शन दिए और सिगरेट से भी दागा. पुलिस ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए छात्रा को बरामद किया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह दिल दहला देने वाली घटना पूरे क्षेत्र में आक्रोश का कारण बनी है.
उत्तर प्रदेश के महोबा में हैवानियत की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक नीट की तैयारी में जुटी छात्रा को कोचिंग से लौटते समय अगवा किया गया. फिर 16 दिनों तक उसे बंधक बनाकर रेप किया. इस दौरान विरोध करने पर आरोपियों ने छात्रा को ना केवल नशीला इंजेक्शन लगाया, बल्कि सिगरेट से उसके प्राइवेट पार्ट दाग दिया. परिजनों की शिकायत पर हरकत में आई पुलिस ने 16 दिन बाद पीड़िता को बरामद किया है.
पुलिस की पूछताछ में पीड़िता ने अपने ऊपर हुए जुल्म की जो दास्तां सुनाई है, उसे सुनकर पुलिस वाले भी सन्न रह गए. पीड़िता ने बताया कि कार सवार बदमाशों ने उसे कोचिंग के रास्ते से उठाया था. फिर प्रयागराज ले जाकर उसे बंधक बनाया और बार बार उसके साथ गैंगरेप किया. यही नहीं उसे हर दो घंटे पर नशीले इंजेक्शन लगाए गए और गैंगरेप के दौरान बार-बार उसे सिगरेट से दागा गया. पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराने के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया है.
30 अप्रैल की है वारदात
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह मूल रूप से मध्य प्रदेश में छतरपुर की रहने वाली है और यहां महोबा में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी. बीते 30 अप्रैल को जब वह कोचिंग से घर लौट रही थी, तभी कार सवार दबंगों ने उसे अगवा कर लिया था. पीड़िता ने बताया कि गांव के ही मोहित श्रीवास ने अपने साथी अंकित श्रीवास और हल्लू राजपूत सहित करीब आधा दर्जन आरोपियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है.
जबरन भरी मांग
पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने उसके भाई की फोटो दिखाकर जान से मारने की धमकी दी. यही नहीं आरोपी मोहित ने जबरन उसकी मांग भी भर दी. इस वीभत्स वारदात की कहानी सामने आने के बाद इलाके में भारी आक्रोश है. परिजनों के मुताबिक पीड़िता की हालत ठीक नहीं है. उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां अभी भी वारदात को याद कर वह दहशत के मारे कांप जा रही है.
तीन आरोपी अरेस्ट
महोबा के अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने वारदात का खुलासा करते हुए बताया कि पीड़िता को बरामद करने के लिए चार टीमों का गठन किया गया था. इन टीमों ने पीड़िता को बरामद करते हुए 3 आरोपियों को अरेस्ट किया है. बाकी आरोपियों की पहचान और धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. जल्द ही सभी आरोपियों को अरेस्ट कर लिया जाएगा.