UPSC में 301वीं रैंक लाने वाली असली आकांक्षा सिंह कौन? कमीशन ने कर दिया साफ

जैसे ही UPSC सिविल सर्विस एग्जाम की मेरिट लिस्ट जारी हुई, 301वीं रैंक को लेकर विवाद शुरू हो गया था. बिहार और उत्तर प्रदेश की आकांक्षा सिंह नाम की दो स्टूडेंट्स इसपर दावा किया. ​​दोनों के दिखाए रोल नंबर एक जैसे थे. वहीं, अब UPSC ने साफ किया है कि सफल उम्मीदवार कौन हैं?

UPSC में 301वीं रैंक लाने वाली असली आकांक्षा सिंह कौन? Image Credit:

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने 6 मार्च को सिविल सेवा परीक्षा (CSE) 2025 का फाइनल रिजल्ट घोषित किया. आयोग की ओर से 958 अभ्यर्थी फिलहाल सफल घोषित किए गए हैं. वहीं, राजस्थान के मैडिकल ग्रैजुएड अनुज अग्निहोत्री ने AIR- 1 हासिल किया. लेकिन परीक्षा के परिणाम आते ही 301वीं रैंक पर दो आकांक्षा सिंह के दावे से विवाद खड़ा हो गया था.

बिहार और उत्तर प्रदेश की इन दोनों कैंडिडेट के एक ही रैंक और एक जैसे डॉक्यूमेंट्स ऑनलाइन सर्कुलेट होने के कारण, इस मामले में उत्सुकता और बहस छिड़ गई कि यह कन्फ्यूजन कैसे हुआ? आखिर 301 रैंक की असली दावेदार दोनों में से कौन सी आकांक्षा हैं? अब यह मामला सुलझ गया है, UPSC ने स्पष्ट कर दिया है कि सफल उम्मीदवार कौन हैं?

दोनों के रोल नंबर सेम, एक अंतर आया था सामने

यूपीएससी में 301 रैंक होने का दावा करने वाली कैंडिडेट में एक गाज़ीपुर के जमानिया के अभयपुर गांव की आकांक्षा सिंह थी, तो दूसरी बिहार के आरा की रहने वाली आकांक्षा सिंह. सोशल मीडिया पर वायरल दोनों के एडमिट कार्ड में रोल नंबर भी एक ही 0856794 अंकित थे, जिससे भ्रम की स्थिति बन गई. हालांकि, एक अंतर जरूर सामने आया था.

बिहार के कैंडिडेट के एडमिट कार्ड पर रोल नंबर 0856794 है, लेकिन बारकोड नंबर अलग है. वहीं, गाजीपुर की आकांक्षा सिंह के एडमिट कार्ड पर लगे बारकोड को स्कैन करने पर रोल नंबर 0856794 ही पाया गया. इस पूरी घटना ने चर्चा को अलग मोड़ दे दिया था. वहीं, अब UPSC ने भी क्लियर कर दिया कि गाजीपुर की आकांक्षा सिंह ही सफल उम्मीदवार हैं.

पटना AIIMS में गायनोकोलॉजिस्ट हैं आकांक्षा

यूपीएससी ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि दो उम्मीदवारों, आकांक्षा सिंह, के नाम से सिविल सेवा परीक्षा, 2025 के अंतिम परिणाम में एक ही रैंक 301 प्राप्त करने का दावा किया जा रहा है. इस संबंध में, यह स्पष्ट किया जाता है कि आकांक्षा सिंह, पिता रणजीत सिंह, माता- नीलम सिंह. ग्राम अभयपुर, गाजीपुर, उत्तर प्रदेश सफल उम्मीदवार हैं.

बता दें कि, गाज़ीपुर की रहने वाली आकांक्षा सिंह पटना एम्स में गायनोकोलॉजिस्ट भी हैं. उनकी शिक्षा दिल्ली के एयरफ़ोर्स स्कूल से हुई हैं. इनके पिता एयर फ़ोर्स में जेडब्लूओ के पोस्ट पर हैं. 10 वीं और 12वीं उन्होंने वहीं से किया. उसके बाद एमबीबीएस और फिर मेडिकल साइंस में ही मास्टर्स उन्होंने पटना एम्स से किया. यूपीएससी में ये इनका दूसरा एटेम्पट था.