CM योगी के आने से पहले ताबड़तोड़ एनकाउंटर, मिट्टी में मिले सलीम वास्तिक के हमलावर
सीएम योगी के गाजियाबाद आगमन से ठीक पहले पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. यूट्यूबर सलीम वास्तिक के हत्यारे जीशान और गुलफाम को गाजियाबाद पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर मुठभेड़ में मार गिराया है. सीएम के सख्त निर्देश पर हुई इस ताबड़तोड़ कार्रवाई ने राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर कड़ा संदेश दिया है.
सीएम योगी परसों गाजियाबाद आ रहे हैं. वह यहां कानून व्यवस्था की समीक्षा भी करेंगे. उससे पहले गाजियाबाद पुलिस ने एक ऐसा काम कर दिया है, जिसकी चर्चा पूरे प्रदेश में हो रही है. गाजियाबाद पुलिस ने खुद को एक्स मुस्लिम बताने वाले यूट्यूबर सलीम वास्तिक का गला रेतने वाले दोनों बदमाशों को एनकाउंटर में मार गिराया है. पुलिस ने पहले दोनों बदमाशों पर एक एक लाख का इनाम घोषित किया और फिर यह दोनों एनकाउंटर महज 72 घंटे के अंदर कर डाला है.
बता दें कि चार दिन पहले गाजियाबाद के लोनी में रहने वाले यूट्यूबर सलीम वास्तिक के दफ्तर में घुसकर दो बदमाशों ने उनका गला रेत दिया था. पुलिस ने इन दोनों बदमाशों की पहचान अमरोहा के रहने वाले दो सगे भाइयों जीशान और गुलफाम के रूप में कराई थी. दोनों यहां कारपेंटर का काम करते थे. उसी समय जापान से लौटकर लखनऊ पहुंचे सीएम योगी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को एक्शन लेने के निर्देश दिए थे.
24 घंटे में पहला एनकाउंटर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त तेवर देख हरकत में आई गाजियाबाद पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर पहला एनकाउंटर कर डाला. इसमें पुलिस ने जीशान को एनकाउंटर में मार गिराया था, लेकिन उस समय गुलफाम बचकर भागने में सफल हो गया. ऐसे में पुलिस ने गुलफाम के चारों ओर सर्विलांस लगाया और अगले 48 घंटे के अंदर उसे इंदिरापुरम इलाके में घेर लिया. पुलिस ने गुलफाम को सरेंडर करने को कहा, लेकिन इसने पुलिस से बचने के लिए फायरिंग शुरू की. ऐसे में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए उसे भी मार गिराया है.
मुश्किल से 12वीं तक की पढ़ाई
जीशान और गुलफाम ने मुश्किल से 12वीं तक पढ़ाई की. इसके बाद रोजी रोजगार के लिए दोनों गाजियाबाद के खोड़ा कॉलोनी में आ गए. यहां दोनों नोएडा की एक कंपनी में कारपेंटर का काम करते थे. जीशान ने अपने किराए के कमरे में ही छोटा सा स्टूडियो बनाया था, जहां वह खाली समय में वीडियो बनाया करता था. इसमें वह उत्तेजक तकरीरें करता सोशल मीडिया में पोस्ट कर देता था. यह वीडियो जीशान का भाई गुलफाम अपने मोबाइल कैमरे से रिकॉर्ड करता था.
दो बच्चों का बाप था गुलफाम
अमरोहा में सैदनगली गांव के रहने वाले गुलफाम के पिता बुनियाद अली ने बताया कि गुलफाम की शादी हो चुकी है और वह दो बच्चों का बाप था, जबकि जीशान की अभी शादी नहीं हुई थी. बुनियाद अली कहते हैं कि उन्हें यह तो पता है कि जीशान धार्मिक मामलों पर वीडियो बनाता था, लेकिन उन्हें यह नहीं पता था कि उनके दोनों बेटे गलत राह पर चल पड़े हैं. उन्होंने बताया कि पुलिस से ही उन्हें पता चला है कि उनके दोनों बेटे पाकिस्तानी लोगों के संपर्क में थे.
