सलीम वास्तिक का दूसरा हमलावर भी ढेर, एक लाख का इनामी था गुलफाम; एक हफ्ते में दूसरा फुल एनकाउंटर

यूट्यूबर सलीम वास्तिक का गला रेतने वाला दूसरा बदमाश गुलफाम भी मंगलवार को पुलिस एनकाउंटर में ढेर हो गया. यह एनकाउंटर गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में हुआ. इससे पहले पुलिस ने गुलफाम के भाई जीशान को भी एनकाउंटर में ढेर कर दिया था.

सलीम वास्तिक के हमलावर जीशान के बाद गुलफाम भी ढेर

राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में यूट्यूबर सलीम वास्तिक का गला रेतने वाला दूसरा बदमाश गुलफाम भी मंगलवार को पुलिस एनकाउंटर में ढेर हो गया. यह एनकाउंटर गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में हुआ. इससे पहले पुलिस ने गुलफाम के भाई जीशान को भी एनकाउंटर में ढेर कर दिया था. एक हफ्ते में गाजियाबाद पुलिस का यह दूसरा फुल एनकाउंटर है.

गाजियाबाद पुलिस के मुताबिक गुलफाम सलीम वास्तिक पर हमला करने वाले मुख्य आरोपी जीशान का सगा भाई है और दोनों यहां खोड़ा कॉलोनी में रहकर कारपेंटर का काम करते थे. दोनों मुस्लिम आर्मी नामक प्रतिबंधित संस्था से भी जुड़े हुए थे. जीशान खुद इस संस्था में प्रचारक था और पॉडकास्ट करता था. वह उत्तेजक तकरीरें करता और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में डालता था.

अमरोहा के रहने वाले थे जीशान और गुलफाम

पुलिस के मुताबिक यूट्यूबर और खुद को एक्स मुस्लिम बताने वाले सलीम वास्तिक पर हमला करने वाले जीशान और गुलफाम दोनों उत्तर प्रदेश में अमरोहा के रहने वाले थे और कई सालों से यहां खोड़ा कालोनी में रहकर कारपेंटर का काम करते थे. पुलिस सूत्रों के मुताबिक जीशान कम्यूनिल मिजाज का था और सोशल मीडिया के ही जरिए वह एक पाकिस्तानी यूट्यूबर के संपर्क में था. इसी यूट्यूबर ने जीशान को सलीम वास्तिक की हत्या की सुपारी दी थी. इसके बाद जीशान ने अपने भाई गुलफाम के साथ सलीम के ऑफिस में घुसकर गला रेत दिया था.

दोनों भाइयों पर था एक लाख का इनाम

पुलिस के मुताबिक वारदात के बाद पुलिस ने जीशान के साथ ही गुलफाम पर भी एक-एक लाख का इनाम घोषित किया था. दो दिन पहले पुलिस ने जीशान को मार गिराया था, लेकिन गुलफाम उस समय पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल हो गया. अब पुलिस ने मंगलवार की देर शाम गुलफाम को भी इंदिरापुरम इलाके में घेर कर एनकाउंटर में मार गिराया है. इस प्रकार गाजियाबाद पुलिस का एक हफ्ते में ही यह दूसरा फुल एनकाउंटर है.

इसलिए की हैवानियत

पुलिस के मुताबिक गाजियाबाद के लोनी में रहने वाले यूट्यूबर सलीम इस्लाम की कुरीतियों की मुखालफत खुलकर बोलते थे. यही नहीं, वह खुद को एक्स मुस्लिम बताते हुए इस्लाम के मानने वालों को भी जमाने के मुताबिक बदलने की सलाह देते थे. इसकी वजह से वह कई कट्टरपंथी संगठनों के निशाने पर थे. इसी तरह का एक वीडियो देखकर एक पाकिस्तानी यूट्यूबर ने उनकी हत्या के लिए जीशान और गुलफाम को सुपारी दे दी थी. जिसके बाद दोनों भाइयों ने सलीम का गला रेत दिया था. गनीमत रही कि सलीम जिंदा बच गए और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.