‘हमसे कोरियन छुड़वाओगे…’, जान देने से पहले तीनों बहनों ने अपनी डायरी में क्या-क्या लिखा?
गाजियाबाद में तीन बहनों ने 9वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर लिया. पुलिस को उनके कमरे से सुसाइड नोट के अलावा एक डायरी बरामद हुई. अब इस डायरी से बच्चियों ने इस तरीके का खौफनाक कदम क्यों उठाया इसको लेकर नई और हैरान करने वाली जानकारियां आ रही हैं.
गाजियाबाद की भारत सिटी सोसायटी में 9वीं मंजिल से कूदकर तीन सगी बहनों ने सुसाइड कर लिया. अब तीनों की आत्महत्या के पीछे दिमाग को झकझोरने वाली कहानी सामने आ रही है. बच्चियों ने अपने कमरे में सुसाइड नोट के अलावा एक डायरी भी छोड़ी है. बच्चियों ने इतना खौफनाक कदम क्यों उठाया सब इसी डायरी में दफन है.
सुसाइड नोट में सबसे पहले लिखा है वी आर लव कोरियन. फिर डायरी पढ़ने की बात लिखी है. बच्चियों के सुसाइड नोट में आगे लिखा है कि इस डायरी में जो कुछ लिखा हुआ है सब पढ़ लो, क्योंकि ये सब सच है. रीड नाऊ. नीचे लिखा है कि आई एम रियली सॉरी, सॉरी पापा.
जान देने पहले तीनों बहनों ने अपनी डायरी में क्या लिखा?
सूत्रों के मुताबिक बच्चियों ने डायरी में लिखा है कि ‘हमसे कोरियन छुड़आओगे. कोरियन हमारी जान थी. तुमने हिम्मत भी कैसे की हमसे हमारी जान को छुड़वाने की. तुम नहीं जानते थे कि हम उन्हे कितना चाहते थे, लो अब सबूत देख लिया. अब तो यकीन हो गया होगा कि कोरियन और K-पोप हमारी जान है. जितना हम कोरियन एक्टर और उनके पोप ग्रुप को चाहते थे न उतना हम तुम घरवालो को भी नहीं चाहते. कोरियन तो हमारी जान थी.

ब्रेन हेमरेज, अधिक खून बहने और मल्टीप्ल फ्रैक्चर के चलते हुई मौत
गाजियाबाद पुलिस ने भी ट्रिपल सुसाइड वाले इस केस में कुछ अहम खुलासे किए है. पुलिस का कहना है कि बच्चों ने जो सुसाइड नोट छोड़ा है उसमें लिखा है कि मार खाने से अच्छा है हम मर जाएं. हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किसी भी प्रकार की मारपीट या चोट की बात सामने नहीं आई है. तीनों बच्चियों की मौत ब्रेन हेमरेज और अधिक खून बह जाने और मल्टीप्ल फ्रैक्चर होने के कारण होने की बात सामने आ रही है.
पिता ने बात नहीं मानने पर शादी करने की दी थी धमकी
पुलिस के मुताबिक जबसे बच्चियों के पिता ने उनसे मोबाइल वापस ले लिया था तबसे वे परिवार के किसी भी शख्स की बात मानने को तैयार नहीं थीं. बच्चियों के पिता ने तीनों बहनों से कहा था कि अगर तुम बात नहीं मानेगी तो तुम्हारी शादी कर देंगे. शादी की बात सुनकर तीनों मानसिक रूप से तनाव में थीं.
पुलिस फॉरेंसिक जांच का कर रही इंतजार
पुलिस जांच में ये बात भी सामने आई कि पिछले लगभग 7 महीने से इन बच्चों के पास दो मोबाइल थे. इसमें से एक मोबाइल को पहले ही बेच दिया गया था. वहीं, दूसरा मोबाइल भी 15 दिन पहले बेचा गया था. पुलिस दोनों मोबाइलों को रिकवर करने की कोशिश कर रही है. इसके अलावा पुलिस को कमरे से एक और मोबाइल फोन बरामद हुआ है. इसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा दिया गया है. फिलहाल, सुसाइड नोट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस जांच कर रही है. माना जा रहा है कि फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट आने के बाद इस केस की स्थिति काफी हद तक साफ हो जाएगी.
