एनकाउंटर में ढेर कमलेश की अंतिम यात्रा के दौरान हंगामा, पुलिस पर पथराव, CO घायल
गाजीपुर में होटल कारोबारी के बेटे विनीत राय हत्याकांड के आरोपी कमलेश चौधरी के पुलिस एनकाउंटर के बाद बवाल खड़ा हो गया. गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही कमलेश का शव उसके गांव पहुंचा, परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके बाद भीड़ ने पुलिस पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए. पथराव में सीओ सदर शेखर सेंगर समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए.
गाजीपुर में होटल कारोबारी के बेटे विनीत राय हत्याकांड के आरोपी कमलेश चौधरी के एनकाउंटर के बाद नया बवाल खड़ा हो गया. गुरुवार को जब कमलेश का शव उसके गांव पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. अंतिम संस्कार के लिए ले जाए जा रहे शव के दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच टकराव हो गया. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि महिलाओं और ग्रामीणों ने पुलिस पर ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए. हंगामे में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए.
दरअसल, गाजीपुर में बुधवार शाम पुलिस ने होटल व्यवसायी के बेटे विनीत राय हत्याकांड के आरोपी कमलेश चौधरी को मुठभेड़ में मार गिराया था. पुलिस के मुताबिक कमलेश इस चर्चित हत्याकांड का नामजद आरोपी था और लंबे समय से फरार चल रहा था. मुठभेड़ के बाद उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया. जैसे ही कमलेश चौधरी का शव उसके गांव पहुंचा, माहौल तनावपूर्ण हो गया.
पुलिस पर अचानक पथराव
पुलिस प्रशासन अंतिम संस्कार की प्रक्रिया जल्द पूरी कराना चाहता था, लेकिन परिजन और ग्रामीण इससे नाराज नजर आए. इसी बीच शव को लेकर निकाले जा रहे वाहन के दौरान विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सबसे पहले महिलाओं ने पुलिसकर्मियों से तीखी नोकझोंक की. इसके बाद भीड़ ने ईंट और पत्थर फेंकने शुरू कर दिए. अचानक हुए पथराव से मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
पथराव में सीओ शेखर सेंगर घायल
इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागना पड़ा. हंगामे के दौरान कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है. बताया जा रहा है कि कुछ पुलिसकर्मियों को भीड़ ने पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट की गई. पथराव में क्षेत्राधिकारी सदर शेखर सेंगर भी घायल हो गए. उनके सिर में ईंट लगने से खून बहने लगा, जिसके बाद साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया.
रेलवे क्रॉसिंग पर लगाया गया जाम
कई पुलिसकर्मी आसपास के घरों और सुरक्षित स्थानों में छिपकर खुद को बचाने की कोशिश करते दिखाई दिए. स्थिति इतनी तनावपूर्ण थी कि कुछ समय के लिए पूरे इलाके में पुलिस की मौजूदगी भी कम दिखाई दी. इस बीच ग्रामीणों और परिजनों ने फुल्लनपुर रेलवे क्रॉसिंग पर जाम भी लगा दिया. हंगामे का असर रेलवे स्टेशन क्षेत्र तक पहुंचा. पथराव में रेलवे सुरक्षा बल यानी आरपीएफ के जवान भी चपेट में आए और दो से तीन जवानों के घायल होने की सूचना है.
अभी भी मुख्य आरोपी फरार
गौरतलब है कि 29 और 30 मई की रात गाजीपुर के गौसाबाद स्थित बिंदु होटल के मालिक के बेटे विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में शंकर पांडे, कमलेश चौधरी समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था. पुलिस की कई टीमें लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थीं. हालांकि मुख्य आरोपी शंकर पांडे अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर बताया जा रहा है. फिलहाल गाजीपुर में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है.