1 लाख के कर्ज ने बना दिया कातिल, 10वीं के छात्र ने दोस्तों संग कारोबारी को मारा
गोरखपुर में एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जहां एक हाईस्कूल के छात्र ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर एक 70 साल के कारोबारी को मौत के घाट उतार दिया. फिर शव को नदी में फेंक दिया. जांच में पता चला कि छात्र ने 1 लाख रुपये के कर्ज से बचने के लिए यह कदम उठाया.
गोरखपुर में 19 साल के छात्र ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर 70 साल की सर्राफा कारोबारी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी है, और उसके शव को नदी में फेक कर फरार हो गए थे. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गुरुवार की रात में गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में पता चला कि छात्र ने कारोबारी से पैसे उधार लिए थे. लौटाने न पड़े इसलिए खून कर दिया.
एसपी साउथ दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि बांसगांव थाना क्षेत्र के धसका भटास निवासी रामलाल वर्मा (70) सर्राफा कारोबारी थे. उनकी कटरा मलाव में आभूषण की दुकान है. मुख्य आरोपी प्रिंस पांडे (19) का उनसे पहले से परिचय था. वह अक्सर उन्हें घर और दुकान तक छोड़ने जाता था. प्रिंस ने मोटरसाइकिल खरीदने के लिए रामलाल से एक लाख रुपये उधार लिए थे.
भगवान के दर्शन कराने के बहाने ले गया था
आरोपी छात्र ने रकम वापस न करनी पड़े, इसलिए तीन दोस्तों के साथ हत्या की साजिश रच डाली. पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन यानी बुधवार को जब रामलाल वर्मा दुकान जाने के लिए सड़क पर वाहन का इंतजार कर रहे थे, तभी प्रिंस अपने दोस्त के साथ वहां पहुंचा और उन्हें बाइक से दुकान छोड़ने की बात कहकर अपने साथ ले गया.
इस दौरान रास्ते में भगवान के दर्शन कराने के बहाने वह उन्हें बेलीपार थाना क्षेत्र के कटिहार बांध स्थित मंदिर के पास ले गया, जहां उसके दो अन्य साथी पहले से मौजूद थे. यहां चारों आरोपियों ने मिलकर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर स्वर्ण व्यापारी रामलाल वर्मा की हत्या कर दी. इसके बाद शव को नदी में फेंककर चारों आरोपी मौके से फरार हो गए.
वहीं, घटना के बाद देर शाम करीब पांच बजे ग्रामीणों ने नदी में शव देखा और पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं, मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने साक्ष्यों को सुरक्षित कर लिया. पुलिस को घटनास्थल से मृतक स्वर्ण व्यापारी की चप्पल, शराब की बोतल समेत अन्य साक्ष्य बरामद हुए हैं.
बेलीपार थाना के कटिहार बांध के पास की घटना
पोस्टमार्टम में चाकू से हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. जबकि चौथे आरोपी की तलाश जारी है. गिरफ्तार आरोपियों में 10वीं का छात्र प्रिंस ने बताया कि उसने कारोबारी से एक लाख उधार लिया था, उसे देना ना पड़े इस लिए इस घटना को अंजाम दिया.
यह पूरी घटना गोरखपुर के बेलीपार थाना क्षेत्र के कटिहार बांध के पास का है. स्वर्ण व्यापारी के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू किया था. पुलिस के मुताबिक तीन आरोपियों में प्रिंस, उसके मामा के लड़के और उसका एक दोस्त आरोपी अंशु 9 वीं का छात्र शामिल है. जबकि चौथा प्रिंस का मौसेरा भाई फरार है.
