गोरखपुर में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का भूमिपूजन, CM योगी ने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भी किया ऐलान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का भूमिपूजन किया. साथ ही, स्टेडियम के बगल में विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने की घोषणा की. इसमें इनडोर और आउटडोर खेलों की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी. यह युवा पीढ़ी और खेलकूद गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण होगी.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखपुर में इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया. यह 46 एकड़ में फैला होगा. साथ ही खेल और खिलाड़ियों के हित में एक बड़ी घोषणा की. उन्होंने कहा कि इस इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम के बगल में आरक्षित कराई गई 60 एकड़ भूमि पर विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा.
गोरखपुर के ताल नदोर में करीब 393 करोड़ रुपये की लागत से यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाया जा रह है. सीएम योगी ने इस अवसर पर कहा कि यहां 30 हजार दर्शकों की क्षमता का स्टेडियम तो बनेगा ही, इसके बगल की जमीन पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी बनाएंगे. इसमें इनडोर और आउटडोर खेलों की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी.
युवाओं और भावी पीढ़ी का सपना होगा साकार- CM
इससे पहले मुख्यमंत्री ने केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के साथ वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का भूमिपूजन किया. अनुष्ठान पूर्ण होने के बाद उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. सीएम ने स्टेडियम के ड्राइंग मैप और मॉडल का अवलोकन भी किया. यह स्टेडियम 23 दिसंबर 2027 तक बनकर तैयार होगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ साल पहले ताल नदोर क्षेत्र बंजर पड़ा था, जिसकी मर्जी होती वह कब्जा कर लेता था. अब यहां की जमीन कब्जामुक्त है. डबल इंजन सरकार इस भूमि पर नौजवानों के भविष्य को तराशने का एक बेहतरीन प्लेटफॉर्म उपलब्ध करवा रही है. इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम युवाओं और भावी पीढ़ी के सपनों को साकार करेगा.
अब तक 550 खिलाड़ियों को मिली सरकारी नौकरी
सीएम योगी ने कहा कि सरकारी भूमि का उपयोग लोक कल्याण और विकास परियोजनाओं के लिए होगा. इसी विजन से ताल नदोर में पशु चिकित्सा महाविद्यालय की स्थापना भी की जा रही है. साथ ही कहा कि उत्तर प्रदेश, देश का पहला राज्य है जिसने खेल नीति बनाकर, मेडल प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को अपने यहां सीधी भर्ती के माध्यम से नौकरी भी दी है.

उन्होंने कहा कि यूपी में अब तक लगभग साढ़े पांच सौ पदक विजेता खिलाड़ियों को सीधी भर्ती के जरिये सरकारी नौकरी दी है. साथ ही 500 खिलाड़ियों की नई भर्ती फिर से निकाली है. इससे बहुत जल्द ओलंपिक, एशियाड, कॉमनवेल्थ, वर्ल्ड चैंपियनशिप आदि में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को सीधी भर्ती के माध्यम से नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे.
हर गांव में खेल मैदान, ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया, फिट इंडिया मूवमेंट और सांसद खेल स्पर्धा से नई खेल संस्कृति आगे बढ़ी है. सरकार हर गांव में खेल मैदान, ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम, जिला स्तर पर स्टेडियम और मंडल स्तर पर स्पोर्ट्स कॉलेज की सुविधा विकसित कर रही है. मेरठ में खेल विश्वविद्यालय बन चुका है जल्द उद्घाटन होने वाला है.
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनने से इस क्षेत्र में होटल, रेस्त्रां व मार्केट की नई श्रृंखला तैयार होगी और बड़ी संख्या में नए रोजगार भी सृजित होंगे. यह परियोजना युवाओं को बेहतरीन खेल सुविधाएं प्रदान करेगी, रोजगार सृजित करेगी और क्षेत्र के विकास को गति देगी. यह युवा पीढ़ी और खेलकूद को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण होगी.
