ग्रेटर नोएडा: होमवर्क न करने पर चांटा मारना पड़ा महंगा, एक साल बाद महिला टीचर पर FIR

ग्रेटर नोएडा में होमवर्क न करने पर छात्रा को थप्पड़ मारना महंगा पड़ गया. पहले तो छात्रा के पिता ने महिला टीचर के खिलाफ पुलिस में शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया. वहीं, अब करीब एक साल बाद कोर्ट ने केस दर्ज करने का आदेश दे दिया है.

महिला टीचर पर FIR दर्ज Image Credit:

ग्रेटर नोएडा में होमवर्क न करने पर एक शिक्षिका द्वारा छात्रा को थप्पड़ मारने का मामला तूल पकड़ गया है. टीचर ने कक्षा 6 की छात्रा को होमवर्क पूरा न करने पर कथित तौर पर चांटा मारा. इससे नाराज होकर छात्रा के पिता पहले थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की. इसके बाद वह कोर्ट पहुंचे जहां से टीचर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश आया.

मामला दादरी थाना क्षेत्र के तुलसी विहार स्थित एक निधि कान्वेंट स्कूल में 22 अप्रैल 2025 की है. पीड़ित छात्रा कक्षा 6 में पढ़ती है. आरोप है कि एक विषय का होमवर्क अधूरा होने पर शिक्षिका ने उसे डाटा, थप्पड़ मार दिया. परिजनों का कहना है कि थप्पड़ इतनी जोर से मारा गया की बच्ची का गाल लाल हो गया. छात्रा के हाथ और कमर पर भी मारने का आरोप है.

गलती स्वीकारने के बजाय उल्टा बहस की

पिता ने जब बच्ची के शरीर पर चोट के निशान देखे तो उन्होंने तुरंत स्कूल प्रशासन से संपर्क की. अगले दिन वह स्कूल पहुंचे और स्कूल प्रशासन से बात की जहां शिक्षिका को भी बुलाया गया. छात्रा के पिता का कहना है कि शिक्षिका ने अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय उल्टा अभिभावकों से बहस की, जबकि प्रधानाचार्य ने भी शिक्षिका का ही पक्ष लिया.

इसके बाद मामले से असंतुष्ट होकर छात्रा के पिता ने दादरी कोतवाली में लिखित शिकायत की. साथ ही 112 नंबर पर सूचित किया. लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. इसके बाद उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया. कोर्ट ने स्कूल और शिक्षिका के खिलाफ जांच के आदेश दिया. साथ ही संबंधित महिला टीचर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश भी दिए.

होमवर्क नहीं करने पर सिर्फ डांटा गया- टीचर

पुलिस ने इस मामले में अब दोबारा जांच शुरू कर दी. थाना प्रभारी दादरी ने बताया कि स्कूल परिसर के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाएगी और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए जाएंगे. क्योंकि यह मामला स्कूल से जुड़ा हुआ है तो सभी साक्ष्य को कोर्ट के समक्ष पेश करना होगा. अगर कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी

स्कूल प्रबंधन की ओर से अभी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. हालांकि शिक्षिका ने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया. उनका कहना है कि छात्रा को केवल अनुशासन के लिए समझाया गया था. काफी दिनों से उसका होमवर्क पेंडिंग था, इसको लकेर बार-बार क्लास में बोला भी जा रहा था. लेकिन होमवर्क पूरा नहीं किए जाने पर उस सिर्फ डांटा गया था.

Follow Us