दहेज की बलि चढ़ी ग्रेटर नोएडा की बेटी! दिल्ली में बीच सड़क हेड कांस्टेबल पति ने मारी गोली

ग्रेटर नोएडा की शिक्षिका बेटी की दिल्ली में बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी गई. इसका आरोप उसके पति पर लगा है, जो दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल है. यह घटना दहेज उत्पीड़न से जुड़ी बताई जा रही है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है, जो वारदात के बाद से फरार बताया जा रहा है.

दिल्ली पुलिस कांस्टेबल पर पत्नी की हत्या का आरोप Image Credit:

ग्रेटर नोएडा की रहने वाली एक शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या ने एक बार फिर से दहेज उत्पीड़न के मामले पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आरोप है कि दिल्ली पुलिस में तैनात हेड कांस्टेबल ने सर्विस पिस्टल से पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात के बाद से फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की छह टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.

घटना सोमवार तड़के करीब तीन बजे दिल्ली के कल्याणपुरी थाना क्षेत्र स्थित ईस्ट विनोद नगर की है. बताया जा रहा है कि हेड कांस्टेबल मनीष भाटी और उसकी पत्नी प्रियंका स्कूटी से कहीं जा रहे थे. इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. आरोप है कि गुस्से में मनीष ने स्कूटी रोककर अपनी सर्विस पिस्टल से प्रियंका के सीने में गोली मार दी.

दोनों ग्रेटर नोएडा के, 3 साल पहले हुई थी शादी

पत्नी को गोली मारने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया, राहगीरों ने घायल प्रियंका को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. प्रियंका भाटी मूल रूप से ग्रेटर नोएडा के सादोपुर गांव के रहने वाली थी और दिल्ली के एक निजी स्कूलों में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थी. पिता ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है.

प्रियंका की शादी 8 फरवरी 2023 को ग्रेटर नोएडा के ही सलेमपुर गांव में मनीष भाटी से हुई थी. मनीष भाटी दिल्ली पुलिस के ईस्ट डिस्ट्रिक्ट की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात है. मृतका के पिता अजीत का आरोप है की शादी के बाद से ही बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा था. ससुराल पक्ष कार और नगदी की मांग कर रहे थे.

मामला महिला प्रकोष्ठ तक भी पहुंचा, लेकिन

पीड़ित पिता का कहना है कि मामला महिला प्रकोष्ठ तक भी पहुंचा था. जहां समझौता होने के बाद प्रियंका को दोबारा ससुराल भेज दिया गया. लेकिन फिर से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया गया. प्रियंका के भाई नितिन का आरोप है की शादी में 15 लाख रुपए और अन्य घरेलू सामान दिए. इसके बावजूद स्कॉर्पियो और 25 लाख नगदी की मांग की जाती रही.

परिजनों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है. वहीं. दिल्ली पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छह विशेष टीमें गठित की हैं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है. पुलिस का कहना है आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us